Site icon Thenews15.in

पोस्ट ऑफिस एजेंट की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, इलाके में तनाव

 अनूप जोशी

रानीगंज: रानीगंज के 88 नंबर वार्ड के ईस्ट कॉलेज पाड़ा इलाके में पोस्ट ऑफिस के एक एजेंट की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, इसी वार्ड के निवासी 42 वर्षीय गौतम बाउरी पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में कार्यरत थे और इसके साथ ही स्थानीय एक व्यक्ति के घर में केयरटेकर का काम भी करते थे। अन्य दिनों की तरह गुरुवार को भी वह वहीं थे और पोस्ट ऑफिस के पैसे के लेनदेन का काम कर रहे थे।
दोपहर के समय उनकी पत्नी उन्हें खोजने गईं तो उन्होंने देखा कि गौतम सीढ़ियों में रस्सी से लटके हुए थे। इस दृश्य को देखकर उन्होंने स्थानीय महिलाओं को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने रानीगंज थाने की पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पूरी घटना की जांच के बाद ही शव को ले जाने देने की मांग की।
इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की मौत असंभव है और उनका मानना है कि किसी ने उन्हें वहां लटकाया है। मृतक के परिवार ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरी घटना की विस्तृत जांच की मांग की है।
मृतक के परिजन शव को रोककर असली कारण का पता लगाने की मांग कर रहे हैं और इसको लेकर इलाके में व्यापक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि घटना की सच्चाई सामने लाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version