गुजरात चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। वो कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। वाघेला ने खुद भी माना है कि उनकी कांग्रेस अलाकमान से बातचीत हुई है, वहीं गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने इस बारे में पुष्टि की है कि पार्टी आलाकमान के साथ इस संबंध में बातचीत चल रही है. कांग्रेस में वाघेला की संभावित वापसी की अटकलों से प्रदेश के सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ गई है।
शंकर सिंह वाघेला ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के साथ उनकी बात हुई है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई फाइनल फैसले को लेकर स्थिति साफ नहीं की।
मुझे किसी पद या ओहदे की चाहत नहीं : वाघेला
वाघेला ने आगे कहा, ”मुझे किसी पद या ओहदे की चाहत नहीं है. अगर BJP के खिलाफ लड़ने के लिए समर्थन और सहयोग की जरूरत पड़ी, तो वे इसके लिए तैयार हैं.” गुजरात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा चावड़ा ने कहा कि पार्टी शंकर सिंह वाघेला और कई अन्य नेताओं की वापसी को लेकर आलाकमान के साथ बातचीत कर रही है. वाघेला की वापसी पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान की मंजूरी के बाद लिया जाएगा.
पूर्व सीएम वाघेला के कांग्रेस में दोबारा शामिल होने की चर्चाओं ने ऐसे समय में जोर पकड़ा है, जब उन्होंने सितंबर में इस बात के संकेत दिए थे कि वो अपनी प्रजा शक्ति पार्टी को फिर से शुरू करने और 2027 का गुजरात विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
2017 में राज्यसभा चुनाव से पहले वाघेला ने कांग्रेस से तोड़ा था नाता
वाघेला ने साल 2017 में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से नाता तोड़ लिया था। इस दौरान कई कांग्रेस विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। बताया जाता है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के अंदर मतभेदों की वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। शंकरसिंह वाघेला ने कई दफा पार्टियां बदली हैं और नए संगठन बनाकर राजनीति में सक्रिय रहने की कोशिश की है।
2024 में प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी बनाई
साल 1995 में पार्टी के खिलाफ बगावत करने के बाद शंकरसिंह वाघेला ने BJP छोड़कर राष्ट्रीय जनता पार्टी (RJP) बनाई थी। बाद में वे कांग्रेस के समर्थन से गुजरात के सीएम बने थे। साल 1998 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 2017 में कांग्रेस से नाता तोड़ ‘जन विकल्प मोर्चा’ बनाया था. साल 2019 के शुरूआत में वो एनसीपी में शामिल हुए. साल 2024 में वाघेला ने ‘प्रजा शक्ति डेमोक्रेटिक पार्टी’ बनाई थी।

