शहीद भगत सिंह के विचार आज भी मजदूरों, युवाओं और आम जनता के संघर्षों को प्रेरणा देते हैं : गंगेश्वर दत्त शर्मा
नोएडा । शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सीटू गौतम बुध नगर ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके क्रांतिकारी विचारों, त्याग और संघर्ष को याद किया।
सीटू गौतम बुध नगर के सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि भगत सिंह केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करने वाले महान क्रांतिकारी ही नहीं थे, बल्कि वे एक ऐसे समाज का सपना देखते थे जिसमें शोषण, अन्याय और गैर-बराबरी का अंत हो तथा मेहनतकश जनता को सम्मान और अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं को पढ़ने, वैज्ञानिक एवं तार्किक सोच विकसित करने, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और समाज में बराबरी के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उनका प्रसिद्ध विचार “इंकलाब जिंदाबाद” आज भी सामाजिक न्याय और बेहतर समाज के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के बीच प्रेरणा का स्रोत है।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि आज देश के मेहनतकश मजदूरों, किसानों और आम जनता के सामने रोजगार, महंगाई, सामाजिक सुरक्षा तथा श्रम अधिकारों से जुड़े अनेक सवाल हैं। ऐसे समय में भगत सिंह के विचारों को याद करना केवल औपचारिक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए संघर्ष की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगत सिंह के जीवन और लेखन का अध्ययन करें तथा अंधविश्वास, अन्याय और शोषण के विरुद्ध वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक एवं जनपक्षीय सोच को आगे बढ़ाएं। सीटू गौतम बुध नगर की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह को उनकी जयंती पर शत-शत नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि।







