राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चीफ मोहन भागवत न्यूयॉर्क में है। 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के इन्फोसिस थिएटर में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ को वो संबोधित करेंगे। इस बीच शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि विश्वास है कि मोहन भागवत अमेरिका जाकर हिन्दुस्तान में जो तानाशाही चल रही है, उस बारे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाकर बात करेंगे, वहां मोहन भागवत से देश में चल रही तानाशाही को लेकर सवाल पूछे जाते हैं तो भारत के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा काम हो जाएगा।
संजय राउत ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”अमेरिका से निमंत्रण मिलने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत जी न्यूयॉर्क में हैं. हिन्दुस्तान की तरह अमेरिका भी एक लोकतांत्रिक देश है, वहां आज भी मजबूत डेमोक्रेसी है. वहां आज भी फ्रीडम ऑफ स्पीच और फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन की मान्यता है. हिन्दुस्तान में ये सब खत्म हो गया है. हिन्दुस्तान में तानाशाही चल रही है।
संजय राउत का मोहन भागवत पर तंज
उन्होंने आगे कहा, ”मुझे विश्वास है कि मोहन भागवत अमेरिका जाकर हिन्दुस्तान में जो तानाशाही चल रही है, उस बारे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाकर बात करेंगे. दिल्ली में जंतर-मंतर पर युवाओं पर जिस तरह से पैलेट गन चलाए गए, वो भी मुद्दा अंतराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। अमानवीय तरीके से आंसू गैस के गोले दागे गए. लाठियों में किलें लगाकर मारा गया. पुलिस की तरफ से छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बहुत ही अश्लील हरकतें की गईं. इन सभी मुद्दों पर आरएसएस चीफ मोहन भागवत न्यूयॉर्क जाकर बात रखेंगे तो पूरा विश्व उनकी बात सुनेगा।
भारत में दो नेताओं की तानाशाही के लिए RSS जिम्मेदार- राउत
उद्धव गुट के नेता ने ये भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को बात करने का अधिकार है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भागवत साहब से देश में बारे में सवाल पूछना चाहिए। भारत में ये जो दो नेताओं की तानाशाही चल रही है, उसके लिए जिम्मेदार कौन है? इसके लिए आरएसएस जिम्मेदार है. इस प्रकार के सवाल अगर अमेरिका में उठते हैं और भागवत जी से सवाल पूछे जाते हैं तो भारत के लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा काम हो जाएगा।
ऑटो-टैक्सी चालकों को मराठी अनिवार्य करने पर क्या बोले राउत?
ऑटो-टैक्सी चालकों को मराठी बोलना अनिवार्य किए जाने पर संजय राउत ने कहा कि ये कोई भाषा का विवाद नहीं है, ये कोई प्रांत का भी विवाद नहीं है, यह हमें समझना चाहिए. मराठी सीखने के लिए मोहलत मिलने पर उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी या गृहमंत्री अमित शाह का आदेश है. यूपी का चुनाव है। उन्होंने रैपिडो बाइक टैक्सी का भी मसला उठाया।






