उत्तर प्रदेश के बस्ती में सोशल मीडिया पर विधवा महिला से हुई दोस्ती में सारी हदें पार कर दी। महिला ने जब शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसकी चार साल की बेटी का अपहरण कर लिया ताकि वो उस पर शादी के लिए दबाव बना सके। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक कौशांबी जिले का रहने वाला जाकिर सोशल मीडिया के जरिए बस्ती सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली सपना देवी के संपर्क में आया था। पति की मौत के बाद महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ रह रही थी। बातचीत के दौरान जाकिर ने महिला का भरोसा जीता और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ा लीं. इसके बाद वह महिला पर शादी करने का लगातार दबाव बनाने लगा।
महिला की चार साल की बेटी का अपहरण
महिला ने जब शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो जाकिर ने एक खौफनाक साजिश रची और महिला को अपनी शर्तों पर झुकाने के लिए उसकी चार साल की मासूम बेटी का अपहरण कर लिया। उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह बच्ची को नुकसान पहुंचाएगा. बच्ची के गायब होते ही बदहवास मां ने तुरंत सदर कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर दी।
कुछ ही घंटों में आरोपी जाकिर गिरफ्तार
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा फौरन एक्शन में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमें गठित की और सर्विलांस व मुखबिरों को सक्रिय किया गया. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बच्ची के साथ कटरा तिराहे के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है. पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी जाकिर को दबोच लिया और उसके कब्जे से मासूम बच्ची को सकुशल छुड़ा लिया। डीएसपी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने इस मामले को लेकर बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. आरोपी जाकिर को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 140(1) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

