मुजफ्फरपुर/बन्दरा। प्रखण्ड मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में रविवार की शाम लगभग चार बजे मौसम ने करवट ली और तेज़ हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से क्षेत्र में उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली।
कई दिनों से आसमान साफ़ रहने और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोग गर्मी से बेहाल थे। ऐसे में रविवार की यह बारिश सुखद अनुभव लेकर आई। बारिश के चलते सड़कें भीग गईं और वातावरण में ठंडक घुल गई।
सबसे अधिक खुशी खेतों की ओर रुख करने वाले किसानों को हुई। धान की रोपाई की तैयारी कर रहे किसान बारिश की बाट जोह रहे थे। अब बारिश के पानी से खेतों में कामकाज तेज़ होगा।
हालांकि, बारिश शुरू होने से पहले आई तेज़ हवा के कारण कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।








