सोसाले को 6 जून 2025 को बेंगलुरु पुलिस ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया, जब वह मुंबई जाने की कोशिश कर रहे थे। यह गिरफ्तारी 4 जून 2025 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर RCB की IPL 2025 जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ से संबंधित है, जिसमें 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस घटना के लिए RCB, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स, और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, जिसमें आपराधिक लापरवाही और सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाया गया। सोसाले पर आरोप है कि उन्होंने विजय परेड के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे बेंगलुरु पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी।
सोसाले RCB के शुरुआती दिनों से फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे हैं और 2025 IPL सीजन के दौरान कई मैचों में विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ स्टैंड में देखे गए थे। वह विराट और अनुष्का के करीबी दोस्त माने जाते हैं, और उनकी पत्नी मालविका नायक, जो इनोज टेक्नोलॉजीज की बिजनेस डेवलपमेंट हेड हैं, भी अनुष्का की करीबी सहेली हैं।
इसके अलावा, पुलिस ने DNA एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स के तीन कर्मचारियों – सुनील मैथ्यू (डायरेक्टर और वाइस प्रेसिडेंट), सुमंत (टिकटिंग ऑफिसर), और किरण कुमार (मैनेजर) – को भी हिरासत में लिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई, जिन्होंने आयोजकों की “लापरवाही” और “गैर-जिम्मेदारी” को इस त्रासदी का कारण बताया।








