लखनऊ। हजरतगंज इलाके में सिल्वर ओक अपार्टमेंट में मंगलवार देर रात को राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपनी मां से मिलने की कोशिश की, लेकिन परिवार वालों, खासकर उनकी बहन साध्वी सिंह ने गेट नहीं खोला। इससे नाराज होकर भानवी सिंह ने अपार्टमेंट के बाहर हंगामा किया। उनकी बहन साध्वी सिंह ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद हजरतगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भानवी को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
भानवी सिंह का अपनी बहन साध्वी और माता-पिता के साथ संपत्ति विवाद चल रहा है। साध्वी का आरोप है कि भानवी प्रॉपर्टी के लिए बार-बार धमकियां देती हैं और पहले भी मारपीट कर चुकी हैं। वहीं, भानवी ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनकी छोटी बहन ने उनके बुजुर्ग पिता को कमरे में बंद कर रखा था, जिससे वह उनसे मिल नहीं सकीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां उनसे और उनकी बड़ी बहन से मिलना चाहती थीं, लेकिन उन्हें रोका गया।
इसके अलावा, भानवी सिंह का अपने पति, कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से तलाक का मामला दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहा है। भानवी ने राजा भैया पर घरेलू हिंसा, दुर्व्यवहार, और बच्चों के खिलाफ साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। यह घटना उनके पारिवारिक विवादों का हिस्सा मानी जा रही है।

