स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा
हाजीपुर। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ श्री सतीश कुमार ने पूर्व मध्य रेल के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को जीवधारा-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की संरक्षा, मानसून पूर्व तैयारियां, सिगनलों की दृश्यता, ट्रैक फिटिंग्स, बैलास्टिंग, ट्रैक स्क्रीनिंग, ओवरहेड ट्रैक्शन और एलाइनमेंट की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अध्यक्ष रेलवे बोर्ड ने इस निरीक्षण यात्रा के क्रम में जीवधारा, चकिया, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर, भगवानपुर, हाजीपुर और पाटलिपुत्र स्टेशनों का भी दौरा किया।
स्टेशनों पर उन्होंने यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, सुरक्षा, प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य बुनियादी ढांचों का गहन निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने “अमृत भारत स्टेशन योजना” के अंतर्गत जारी पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पाटलिपुत्र स्टेशन पर उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों के रख-रखाव के लिए प्रस्तावित वाशिंग पिट लाइन के नक्शे का अवलोकन किया और इस पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के डीआरएम श्री विनय श्रीवास्तव, सोनपुर मंडल के डीआरएम श्री विवेक भूषण सूद तथा दानापुर मंडल के डीआरएम श्री जयंत कुमार चौधरी भी अपने-अपने क्षेत्रों में रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के साथ मौजूद रहे।








