पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने नए समीकरण बनाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा), शिरोमणि अकाली दल वारिस पंजाब दे और शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत के एक साथ आने की चर्चा तेज हो गई है। तीनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है और नेताओं की कई दौर की बैठकें भी हो चुकी हैं। अगर यह गठबंधन होता है तो पंजाब की राजनीति में एक नया मोर्चा देखने को मिल सकता है।
अमृतपाल सिंह की पार्टी बढ़ा रही अपना दायरा
शिरोमणि अकाली दल वारिस पंजाब दे का प्रभाव अभी मुख्य रूप से माझा क्षेत्र में माना जाता है. पार्टी के फरीदकोट और खडूर साहिब से दो सांसद हैं. अब पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मालवा समेत दूसरे इलाकों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
तरनतारन, पट्टी, खेमकरण, अमृतसर ग्रामीण और गुरदासपुर जैसे क्षेत्रों में पार्टी ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच अपना आधार बढ़ाने में जुटी है. ऐसे में बसपा के साथ गठबंधन उसके लिए राजनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकता है.
बसपा और पुनर सुरजीत के बीच बनी सहमति
गठबंधन की बातचीत के बीच रविवार देर शाम फरीदकोट में अकाली दल पुनर सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरजीत सिंह और बसपा प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी की मुलाकात हुई. इसमें विधानसभा चुनाव साथ लड़ने को लेकर चर्चा हुई.
अकाली दल पुनर सुरजीत के नेता अमरिंदर सिंह बन्नी ने इस बैठक की पुष्टि की है. उनका कहना है कि दोनों दलों के बीच लगभग सहमति बन चुकी है और जल्द ही गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है।
पंजाब में बसपा की क्या है स्थिति?
पंजाब में बसपा का चुनावी प्रदर्शन अब तक बहुत मजबूत नहीं रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने अकाली दल बादल के साथ गठबंधन कर 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उसे 2.75 लाख वोट मिले थे और पार्टी ने नवांशहर सीट पर जीत दर्ज की थी। फिलहाल डॉ. नछत्तर सिंह बसपा के इकलौते विधायक हैं।
‘कुछ अच्छा होने की उम्मीद…’ पंजाब में शिअद-बीजेपी अलायंस पर कांग्रेस का पहला रिएक्शन
वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने सभी 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. पार्टी को 3.37 लाख वोट मिले और उसका वोट प्रतिशत 1.77 से बढ़कर 2.49 फीसदी हो गया। हालांकि, पार्टी कोई सीट नहीं जीत पाई. अब बसपा पुराने गठबंधन से अलग होकर नए राजनीतिक साथियों के साथ 2027 के चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है।

