LDA ने शुरू की जमीन के तकनीकी सर्वे और फिजिबिलिटी स्टडी के लिए एक कंसल्टेंसी कंपनी के चयन की प्रक्रिया
लखनऊ। गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की विपुल खंड में नए विधानसभा भवन के निर्माण की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने जमीन के तकनीकी सर्वे और फिजिबिलिटी स्टडी के लिए एक कंसल्टेंसी कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जमीन पहले नगर निगम और एलडीए की थी, जिसे सहारा इंडिया को लीज पर दिया गया था, लेकिन शर्तों के उल्लंघन के चलते अब लीज रद्द कर दी गई है।
करीब 245 एकड़ में फैली इस जमीन पर प्रस्तावित विधानसभा और सचिवालय परिसर के निर्माण को लेकर अब विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। कंसल्टेंसी कंपनी को दो महीने के भीतर जमीन की सीमाएं, मौजूदा भौतिक स्थिति, वर्तमान उपयोग, निर्माण की संभावनाएं और संभावित चुनौतियों पर आधारित विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी। यह रिपोर्ट एलडीए के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, कंसल्टेंसी रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि जमीन पर विधानसभा भवन और सचिवालय परिसर किस स्वरूप में विकसित किया जाए। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन स्तर पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सहारा इंडिया को आवंटित इस जमीन की लीज रद्द होने के बाद पूरी जमीन अब शासन के नियंत्रण में आ गई है। ऐसे में कंसल्टेंसी सर्वे को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहली और अहम कड़ी माना जा रहा है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आने वाले समय में लखनऊ को एक आधुनिक और भव्य विधानसभा परिसर मिल सकता है।








