अरुणाचल से बिहार आया बंगाल नंबर का ऑयल टैंकर
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुशहरी थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम लिखा एक ऑयल टैंकर को पकड़ा है, फिल्म ‘पुष्पा’ के स्टाइल में शराब की तस्करी कर रहा था। टैंकर के अंदर तहखाने बनाए गए थे। इनमें शराब छिपाई गई थी। जैसे ही मुजफ्फरपुर पुलिस इस ऑयल टैंकर के अंदर उतरी तो ‘पुष्पा’ का राज खुल गया। पुलिस टीम ने ऑयल टैंकर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। यह शराब अरुणाचल प्रदेश से तस्करी करके लाई गई थी। इसकी कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
घटना मुशहरी थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की है। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि एक ऑयल टैंकर में शराब छिपाकर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने रघुनाथपुर गांव के पास छापेमारी की। टीम को देखकर शराब तस्कर भागने में सफल रहे। जांच करने पर पता चला कि ऑयल टैंकर में पांच अलग-अलग तहखाने बनाए गए थे, जिनमें शराब की 250 से ज्यादा पेटी छिपाकर रखी गई थीं। शराब को अनलोड करने के लिए तीन गाड़ियां – एक पिकअप, एक टेंपो और एक बोलरो भी मौके पर मौजूद थीं।
उत्पाद विभाग ने टैंकर समेत तीनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है। वहीं शराब तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे विभाग भागे हुए तस्करों की पहचान करने की कोशिश कर रहा है। बिहार के शराब माफियाओं का प्लान यहां से शराब को अलग-अलग जगह सप्लाई करने का था।
जिला उत्पाद विभाग के निरीक्षक शिवेंद्र कुमार ने बताया, ‘गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। बंगाल नंबर का एक ऑयल टैंकर जब्त किया गया है। भारी मात्रा में शराब को इसके अंदर बने हुए पांच अलग-अलग चैंबर में छिपाया गया था। शराब धंधेबाजों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। मौके से शराब को अनलोड करने के लिए मंगवाई गए तीन वाहन पिकअप गाड़ी, मालवाहक टेंपो और बोलरो को जब्त किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।’

