राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र के अजबपुरा गांव की ढाणी टोपा वाली में बुधवार को फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां, एक ही परिवार के सात लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। सभी लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने पर तत्काल लालसोट जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
घर की बनी दाल खाने के से बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हुए प्रभावित
परिजनों के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों ने घर पर बनी दाल खाई थी। इसके कुछ समय बाद एक-एक कर सभी लोगों को उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने लगी. परिवार की हालत बिगड़ते देख उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। बीमार होने वालों में जगदीश (65 वर्ष), बनवारी (30 वर्ष), मनन (12 वर्ष), करिश्मा (25 वर्ष), बीना (26 वर्ष), उगंती (30 वर्ष) तथा परिवार की तीन वर्षीय बच्ची शामिल हैं। एक साथ परिवार के सात सदस्यों के बीमार होने की खबर से गांव में भी चिंता का माहौल बन गया।
दौसा में फूड प्वाइजनिंग से मचा हड़कंप, घर की दाल खाने से एक ही परिवार के 7 लोग पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही लालसोट थाना प्रभारी हरलाल जिला अस्पताल पहुंचे और मरीजों के परिजनों से जानकारी लेकर पूरे मामले की स्थिति जानी। अस्पताल में डॉ. प्रकाश सेहरा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम सभी मरीजों का उपचार कर रही है। डॉक्टर लगातार मरीजों की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी यह पता लगाने में जुटे हैं कि भोजन में ऐसा क्या कारण रहा जिससे परिवार के सभी सदस्य एक साथ बीमार हो गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर और सामान्य बताई जा रही है।
