संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। INDIA गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक पर कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए लोकतंत्र को कमजोर कर सत्ता अपने हाथ में केंद्रित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव के दौरान ‘400 पार’ का नारा दिया गया था और अब सीटों की संख्या बढ़ाकर ‘850 पार’ की तैयारी की जा रही है।
खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर फैसला किया है कि मोदी सरकार की ओर से लाया जा रहा परिसीमन संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उनके मुताबिक, सरकार लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता अपने हाथ में रखना चाहती है. गठबंधन ने इस विधेयक को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
खरगे ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान के प्रावधानों के अनुसार इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उनकी आबादी के अनुपात में बढ़नी चाहिए, लेकिन नए प्रस्ताव में इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि 2026 की जनगणना अभी होनी है, लेकिन सरकार ने इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। खरगे के मुताबिक, यदि परिसीमन ताजा जनगणना के आधार पर किया जाता है तो SC-ST वर्गों की आबादी में हुई वृद्धि के अनुपात में उन्हें अधिक सीटें मिल सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के प्रस्ताव में इन वर्गों को उनके अधिकारों के अनुरूप प्रतिनिधित्व देने की व्यवस्था नहीं है।
चुनाव आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी देने पर भी सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने परिसीमन की प्रक्रिया में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर 10 करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के आरोप लगाए जा रहे हैं, उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
खरगे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में परिसीमन की प्रक्रिया होने पर गड़बड़ी की आशंका है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि भौगोलिक क्षेत्रों में बदलाव राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर किए गए।
पिछली बार विधेयक पास नहीं करा पाई थी सरकार
खरगे ने अप्रैल में परिसीमन से जुड़े विधेयक पर सरकार को मिली असफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार विधेयक पारित कराने में विफल रहने के बाद अब सरकार ने विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की है। खरगे ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना में टूट के बाद सरकार को लगा कि उसके पास पर्याप्त संख्याबल है. इसी वजह से अब संसद का विशेष सत्र बुलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन इस विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध करता है। गठबंधन का कहना है कि परिसीमन की प्रक्रिया में लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व, SC-ST वर्गों के हितों और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।
क्या है सरकार का प्रस्ताव?
केंद्र सरकार के नए परिसीमन प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान शामिल है। सरकार का उद्देश्य महिला आरक्षण को जल्द लागू करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाना है। हालांकि, इसी प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ गया है। INDIA गठबंधन ने मांगों और आपत्तियों पर जवाब मिलने तक विधेयक का विरोध करने का रुख अपनाया है।