The News15

नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए खोला खजाना, दशहरा से पहले खाते में आएंगे 7हज़ार

Spread the love

 दरभंगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ितों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले ही सभी बाढ़ पीड़ितों को 7000 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को दरभंगा पहुंचे और बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने लहेरियासराय पोलो मैदान स्थित बाढ़ राहत फूड पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सात-सात हजार रुपये दिए जाएंगे। यह पैसा उनके खाते में दुर्गा पूजा से पहले भेज दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने बताया कि लगभग 50 हजार बाढ़ पीड़ित परिवारों को 7-7 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि 9 अक्टूबर तक पीड़ितों के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा के इंडोर स्टेडियम का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों के लिए तैयार किए जा रहे राहत पैकेट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री जल्द से जल्द पीड़ितों तक पहुंचनी चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हायाघाट और हनुमाननगर प्रखंड को भी एसओपी में शामिल करने का निर्देश दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री के दरभंगा दौरे को लेकर तैयारियां की गई थीं। बिरौल में खोरागाछी मैदान में हेलीपैड बनाया गया था। माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री कोसी नदी के टूटे तटबंध का भी निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री का विशेष जोर टूटे तटबंध के मरम्मत कार्य पर रहेगा ताकि विस्थापित लोग जल्द से जल्द अपने घरों को लौट सकें।