बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 की तारीख में बदलाव किया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। पहले 4 नवंबर को होने वाली परीक्षा अब 21 नवंबर को आयोजित की जाएगी। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 4 नवंबर को निर्धारित थी, उन्हें अपने एडमिट कार्ड में बदलाव की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।
BSEB के मुताबिक, 4 नवंबर को केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) की परीक्षा भी आयोजित होनी है। इसी वजह से बिहार STET की परीक्षा तिथि में बदलाव किया गया है। परीक्षा की अन्य तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
STET 2026 की परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर से 20 नवंबर तक आयोजित होनी है. केवल 4 नवंबर को होने वाली परीक्षा की तारीख बदली गई है। बाकी अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होना होगा।
24 अक्टूबर से डाउनलोड कर सकेंगे संशोधित एडमिट कार्ड
बिहार STET एक राज्य स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा है, जिसका आयोजन बिहार विद्यालय परीक्षा समिति करती है। इस परीक्षा में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय यानी MCQ प्रकार के होंगे। परीक्षा माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के विभिन्न विषयों के लिए आयोजित की जाती है।
STET पास करने वाले उम्मीदवार बिहार में कक्षा 9वीं से 12वीं तक शिक्षक भर्ती के लिए पात्रता हासिल कर सकते हैं. हालांकि, परीक्षा पास करना अपने आप में नौकरी की गारंटी नहीं है। भर्ती के लिए संबंधित नियुक्ति प्रक्रिया और पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होता है।








