महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर चल रही नाराजगी अब नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के कुछ नाराज सांसद और विधायक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। बताया जा रहा है कि इन नेताओं ने पार्टी में चल रही अंदरूनी खींचतान को लेकर शिंदे के सामने अपनी बात रखी है।
सूत्रों के अनुसार, एनसीपी (शरद पवार) के कुछ सांसदों और विधायकों ने एकनाथ शिंदे से संपर्क किया। इन नेताओं ने पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम और फैसलों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. शिंदे ने भी नेताओं की बातें सुनीं। हालांकि, उन्होंने फिलहाल सभी को सब्र रखने की सलाह दी है। इस मुलाकात को महाराष्ट्र की राजनीति में काफी अहम माना जा रहा है।
विलय और विधेयक के समर्थन पर पार्टी में विवाद
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के भीतर नाराजगी की एक बड़ी वजह पार्टी के विलय और केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक को समर्थन देने का मुद्दा बताया जा रहा है। इन दोनों मामलों को लेकर पार्टी के नेताओं के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। कुछ नेता पार्टी के फैसलों से सहमत नहीं बताए जा रहे हैं। इसी वजह से अंदरूनी असंतोष बढ़ने की चर्चा है।
पहले भी शिंदे से मिले थे सुनेत्रा पवार गुट के नेता
इससे पहले सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के कुछ नेता भी एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर चुके हैं। अब शरद पवार गुट के नाराज नेताओं के उनके संपर्क में आने की खबर ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि, फिलहाल इन नेताओं के किसी दूसरे दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन अगर पार्टी के भीतर नाराजगी इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

