मांझी का विपक्ष पर हमला
दीपक कुमार तिवारी।पटना।
पटना में पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस और राजद पर जोरदार हमला बोला है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने विपक्ष पर बिहार में ‘जंगल राज’ लाने की साजिश का आरोप लगाया।
मांझी ने कहा कि कुछ स्वार्थी नेताओं ने दिल्ली में बैठकर इस बात पर चर्चा की कि बिहार को फिर से अराजकता की ओर कैसे ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने राज्य में विकास और भयमुक्त माहौल दिया है, जिसे विपक्षी गठबंधन पचा नहीं पा रहा है।
तेजस्वी यादव द्वारा राघोपुर में दलित सम्मान की अपील को मांझी ने ‘नाटकीय’ बताया और कहा कि अगर अब दलितों को सम्मान देने की बात हो रही है, तो क्या लालू-राबड़ी राज में उन्हें अपमानित किया गया था?
उन्होंने चेताया कि बिहार के दलित आज भी उस दौर की पीड़ा नहीं भूले हैं और राजद के वादों पर भरोसा नहीं करेंगे।
उधर, तेजस्वी यादव ने कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक को ‘सकारात्मक’ करार देते हुए 17 अप्रैल को वाम दलों के साथ महागठबंधन की बैठक की घोषणा की है, जिसमें 2025 के चुनावों को लेकर रणनीति तय की जाएगी।







