Site icon Thenews15.in

देवनहल्ली ( कर्नाटक) में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ चल रहे आंदोलन को किसान संघर्ष समिति ने दिया समर्थन

राहुल गांधी से किसानों के पक्ष में हस्तक्षेप करने की अपील

किसानों पर दमन करने वाले डीएसपी सचिन कुमार को बर्खास्त करे सरकार!
डॉ. सुनीलम

कर्नाटक के देवनहल्ली तालुक के चन्नरायपटना, हुबली में पिछले 1180 दिनों (लगभग 3.5 वर्ष) से संघर्ष कर रहे 13 गांव के किसानों पर 25 जून 2025 को पुलिस दमन की कार्यवाही किए जाने की किसान संघर्ष समिति ने निंदा करते हुए डीसीपी सचिन कुमार को बर्खास्त करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि किसानों को बलपूर्वक घसीट कर हिरासत में लिया जाना देश के किसान संगठन कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
किसान संघर्ष समिति ने 13 गांव बचाने के लिए संघर्ष करने वाले किसानों ( संयुक्त होराटा) को बधाई देते हुए कहा कि कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड (केआईएडीबी) ने पहले ही आसपास के गाँवों से हरलुरु औद्योगिक क्षेत्र के लिए 6000 एकड़ भूमि अधिग्रहित की थी। पहले के अधिग्रहणों में हजारों किसानों और ग्रामीणों को बेदखल किया गया, लेकिन उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया और संपूर्ण पुनर्वास भी अब तक नहीं किया गया।
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ सुनीलम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से देवनहल्ली के किसानों के पक्ष में हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए कहा कि कम से कम कांग्रेस को यह तो सुनिश्चित करना चाहिए कि भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास नीति 2013 के बाजार रेट से 4 गुना मुआवजा देने, 80% किसानों की सहमति लेने के प्रावधानों का पालन किया जाए।
डॉ सुनीलम ने कहा कि कांग्रेस को यह याद रखना चाहिए कि भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना को रद्द करने का आश्वासन स्वयं सिद्धारमैया ने किसानों अप्रैल 2024 में दिया था।
भाजपा सरकार को हटाने और कांग्रेस की सरकार बनाने में कर्नाटक के किसानों तथा नागरिक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों पर दमन कांग्रेस के लिए आत्मघाती सिद्ध होगा।
डॉ सुनीलम ने कहा कि उन्हें यह भरोसा है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चन्नरायपटना के किसानों को विश्वास में लेकर और आंदोलनकारियों से बातचीत कर
4 जुलाई को ही समस्या को हल करेंगे।

Exit mobile version