गौतमबुद्धनगर के किसानों ने इकट्ठा की है यह धनराशि
ग्रेटर नोएडा/चंडीगढ़/गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में बाढ़ पीड़ित किसानों को 5 लाख की राहत धनराशि प्रदान करने के लिए किसान सभा गौतम बुध नगर का राहत दल आज रवाना हुआ।
गौरतलब है कि इस वर्ष पंजाब में और देश के अन्य कई प्रदेशों में प्राकृतिक आपदा बाढ़ की वजह से किसानों का अभूतपूर्व नुकसान हुआ है इस संबंध में किसान सभा ने एक महीने पहले बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने का फैसला किया था एवं जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर देश और प्रदेश की सरकार से मांग की थी कि बाढ़ पीड़ित किसानों को राहत प्रदान की जाए। किसान सभा के सभी सदस्यों ने उदारता से सहयोग करते हुए पांच लाख रुपए की धनराशि एकत्रित की। एकत्रित धनराशि को किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर , किसान सभा के महासचिव जगबीर नंबरदार एवं उपाध्यक्ष गबरी मुखिया के नेतृत्व में किसान सभा का एक राहत दल पंजाब के गुरदासपुर जिले के लिए रवाना हुआ। गौरतलब है कि पंजाब में राहत सामग्री पूरे देश भर से बड़े पैमाने पर पहुंची है जिसमें कपड़े कंबल एवं खाने का सामान अच्छी मात्रा में पहुंच गया है परंतु पंजाब के गरीब पीड़ित किसानों के सामने सबसे बड़ा संकट बुवाई सीजन में बाढ़ के कारण लाई गई मिट्टी को खेतों से हटाने एवं खेतों में बुवाई करने का है जिसके लिए ट्रैक्टरों को रिपेयर करने और उनमें डीजल भरवाने और बीज प्रदान करने की जरूरत है। किसान सभा की जिला गौतम बुद्ध नगर इकाई ने प्राप्त की गई फीडबैक के अनुसार फैसला किया कि हम एकत्रित की गई धनराशि को गुरदासपुर जिले के जरूरतमंद किसानों में डीजल और बीज के रूप में प्रदान करेंगे गुरदासपुर जिले में पीड़ित और जरूरतमंद किसानों की पहचान किसान सभा के सचिव गुरप्रीत एडवोकेट स्थानीय गुरुद्वारा एवं गुरदासपुर जिले की किसान सभा की इकाई के माध्यम से की जाएगी और पीड़ित किसानों को राहत धनराशि प्रदान की जाएगी। इस मौके पर किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि किसान का कार्य राष्ट्र निर्माण का कार्य है किसानों पर आपदा के समय सरकारों को खुलकर उनकी मदद करनी चाहिए थी परंतु पंजाब की सरकार और केंद्र की सरकार ने इस मामले में कंजूसी की है। किसान सभा के महासचिव जगबीर नंबरदार ने कहा कि देशभर से किसान सभा केंद्र की ओर से बड़े पैमाने पर पंजाब में राहत सामग्री और धनराशि पहुंचाई गई है इसी सिलसिले में किसान सभा की गौतम बुद्ध नगर इकाई ने ₹500000 की धनराशि एकत्रित की है जिसे आज गुरदासपुर जिले में जाकर पीड़ित किसानों को प्रदान किया जाएगा। राहत दल में गबरी मुखिया, अशोक भाटी नरेश नागर, वीर सिंह नागर, मोनू मुखिया, संदीप भाटी, जगबीर नंबरदार, सुरेंद्र पंडित जी, भगत सिंह, शिशांत भाटी प्रशांत भाटी, अमित भाटी एवं गुरप्रीत एडवोकेट शामिल हैं।








