उत्तर प्रदेश की कैराना पुलिस ने जंगल में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गोवंश के अवशेष और खाल बरामद की है। इसके बाद नगर के एक बैंक्वट हॉल में छापेमारी कर वलीमे की दावत के लिए कथित रूप से गोमांस से तैयार किए गए खाने को नष्ट कराया। पुलिस ने मौके से दूल्हा और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बैंक्वेट हॉल संचालक को भी मामले में नामजद किया गया है।
पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामले की आगे जांच में जुट गई है। साथ ही इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। घटना से होटल में हड़कंप मचा गया।
आखिर पूरा मामला क्या है?
बता दें कि गुरुवार (18 जून) की शाम करीब पौने नौ बजे एसआई गौरव चौहान पुलिस टीम के साथ खुरगान पुल के नीचे चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खुरगान के जंगल में यमुना किनारे मोहसीन के ट्यूबवेल के पास कुछ लोगों ने गोकशी की है और गोमांस को एक काले रंग की स्कॉर्पियो में भरकर कैराना ले जाया गया है, जबकि गोवंश के अवशेष पास ही एक खाली बोरिंग के गड्ढे में फेंक दिए गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां ट्यूबवेल के पास गोवंश के अवशेष और खाल बरामद हुई। पुलिस ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया, जिन्होंने नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात गोकशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वलीमे की दावत के लिए की गई थी गोकशी
पुलिस ने मौके से दूल्हे फरमान और उसके मामा सलमान निवासी मोहल्ला छड़ियान को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही दुल्हे को दहेज में मिली नई काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई. घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।








