Site icon Thenews15.in

जीतन राम मांझी ने किया बड़ा ऐलान

 क्या एनडीए गठबंधन में टूट की आहट?,  झारखंड चुनाव को लेकर कही यह बात

दीपक कुमार तिवारी

पटना। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम)-सेक्युलर झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में कम से कम 10 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। हम (सेक्युलर) केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचती में कहा कि उनकी पार्टी राजग की एक प्रतिबद्ध सदस्य है और अंततः भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में जो भी व्यवस्था (झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर) होगी उसका पालन करेगी।
जीतन राम मांझी ने पटना में संवाददाताओं से कहा कि एक बात निश्चित है कि ‘हम’ (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) निश्चित रूप से झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मैंने हाल ही में चतरा (झारखंड) में एक रैली को संबोधित किया और पार्टी के कम से कम 10 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की।
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हम राजग का हिस्सा हैं। झारखंड में राजग के अन्य गठबंधन सहयोगियों के साथ परामर्श के बाद सीट बंटवारे की जो भी व्यवस्था होगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा लेकिन हम झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। यह बिल्कुल स्पष्ट है।’’
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक मांझी 2024 लोकसभा चुनाव में बिहार की गया सीट से सांसद निर्वाचित हुए।

Exit mobile version