बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है भारतीय गणतंत्र

अनिल जैन
भारतीय गणतंत्र की स्थापना का 73वां साल शुरू होने जा रहा है। किसी भी राष्ट्र या गणतंत्र के जीवन में सात दशक की अवधि अगर बहुत ज्यादा नहीं होती है तो बहुत कम भी नहीं होती। इसमें कोई दो राय नहीं कि भारतीय गणतंत्र ने अपने अब तक के सफर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन इसी अवधि में कई ऐसी चुनौतियां भी हमारे समक्ष आ खड़ी हुई हैं जो हमारे गणतंत्र की मजबूती या सफलता को संदेहास्पद बनाती हैं, उस पर सवालिया निशान लगाती हैं।
गणतंत्र के 72वें वर्ष में देश की सीमाओं का पड़ोसी देश द्वारा अतिक्रमण और उस पर हमारी चुप्पी, देश की अर्थव्यवस्था का आधार मानी जाने वाली कृषि पर मंडराता संकट और उससे उबरने की बेचैनी के साथ किसानों का एक साल तक चला ऐतिहासिक आंदोलन और सत्ता के तत्वावधान में बना देशव्यापी सांप्रदायिक नफरत का माहौल जैसी बातें ऐसी हैं, जो बताती हैं कि भारतीय गणतंत्र इस वक्त अपने अब तक के सबसे नाजुक दौर से गुजर रहा है।
यही वे बातें हैं, जो हमारे समक्ष सवाल खड़ा करती है कि अपने गणतंत्र के 73वें वर्ष में प्रवेश करते वक्त हमारे लिए सबसे बड़ी चिंता की बात क्या हो सकती है? भारत के संविधान में राज्य के लिए जो नीति-निर्देशक तत्व हैं, उनमें भारतीय राष्ट्र-राज्य का जो आंतरिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह महात्मा गांधी और हमारे राष्ट्रीय आंदोलन के अन्य नायकों के विचारों और सपनों का दिग्दर्शन कराता है। लेकिन हमारे संविधान और उसके आधार पर कल्पित तथा मौजूदा साकार गणतंत्र की सबसे बड़ी त्रासदी यही है कि जो कुछ नीति-निर्देशक तत्व में है, राज्य का आचरण कई मायनों में उसके विपरीत है।
हम गणतंत्र की 73वीं सालगिरह मनाते हुए देख सकते है कि जल, जंगल, जमीन, आदि तमाम प्राकृतिक संसाधनों पर से स्थानीय निवासियों का स्वामित्व धीरे-धीरे पूरी तरह खत्म हो गया है और सत्ता में बैठे राजनेताओं और नौकरशाहों से साठगांठ कर औद्योगिक घराने उनका मनमाना उपयोग कर रहे हैं। देश के अन्नदाता की खेती जो कि पहले से ही चुनौतियों से घिरी है, उसे भी संकट से उबारने के नाम पर देश के चंद कारपोरेट घरानों के हवाले करने का रास्ता खोल दिया गया है। यही नहीं, देश की जनता की खून-पसीने की कमाई से खड़ी की गई और मुनाफा कमा रही तमाम बड़ी सरकारी कंपनियां भी देश के बड़े औद्योगिक घरानों को औने-पौने दामों में सौंपी जा रही हैं। सार्वजनिक क्षेत्र में सर्वाधिक रोजगार देने वाली भारतीय रेल का भी तेजी से निजीकरण शुरू हो चुका है। राष्ट्रीयकृत बैंकों की संख्याएं कम की जा चुकी हैं और जो अभी अस्तित्व में हैं उन्हें भी निजी हाथों में सौंपे जाने का खतरा बना हुआ है।
बेशक हम इस बात पर गर्व कर सकते हैं कि आजाद भारत का पहला बजट 193 करोड़ रुपए का था और अब हमारा 2021-22 का बजट करीब 34,83,236 करोड़ रुपए का है। यह एक देश के तौर पर हमारी असाधारण उपलब्धि है। इसी प्रकार और भी कई उपलब्धियों की गुलाबी और चमचमाती तस्वीरें हम दिखा सकते हैं। मसलन, 1947 में देश की औसत आयु 32 वर्ष थी, अब यह 68 वर्ष हो गई है। उस समय जन्म लेने वाले 1000 शिशुओं में से 137 तत्काल मर जाते थे। आज केवल 53 मरते हैं। उस समय साक्षरता दर करीब 18 फीसदी थी जो आज 68 फीसदी से ज्यादा है। परमाणु और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भी कई कामयाबियां हमारे खाते में दर्ज हैं। ऐसे और भी अनेक क्षेत्र हैं, जिनके आधार पर दुनिया भारतीय गणतंत्र के अभी तक के सफर की सराहना करती है।
यह सब फौरी तौर पर तो हमारे गणतंत्र की सफलता का प्रमाण है। लेकिन जब हम इस प्रश्न पर विचार करते हैं कि आजाद भारत का हमारा लक्ष्य क्या था तो फिर सतह की इस चमचमाहट के पीछे गहरा स्याह अंधेरा नजर आता है। भयावह भ्रष्टाचार, भूख से मरते लोग, पानी को तरसते खेत, काम की तलाश करते करोड़ों हाथ, देश के विभिन्न इलाकों में सामाजिक और जातीय टकराव के चलते गृहयुद्ध जैसे बनते हालात, बेकाबू कानून-व्यवस्था और बढते अपराध, चुनावी धांधली, विभिन्न राज्यों में आए दिन निर्वाचित जनप्रतिधियों की खरीद-फरोख्त के जरिए जनादेश का अपहरण, निर्वाचन आयोग का सत्ता के इशारे पर काम करना, न्यायपालिका के जनविरोधी फैसले और सत्ता की पैरोकारी, सत्ता से असहमति का निर्ममतापूर्वक दमन आदि बातें हमारे गणतंत्र की कामयाबी के दावों को मुंह चिढ़ाती हैं।
सवाल है कि क्या यह मान लिया जाना चाहिए कि हम एक असफल राष्ट्र बनने की दिशा में बढ़ रहे हैं? समस्या और भी कई सारी हैं जो हमें इस सवाल पर सोचने पर मजबूर करती हैं। दरअसल, भारत की वास्तविक आजादी बड़े शहरों तक और उसमें भी सिर्फ उन खाए-अघाए तबकों तक सिमट कर रह गई है जिनके पास कोई राष्ट्रीय परिदृश्य नहीं है। इसीलिए शहरों का गांवों से नाता टूट गया है। यही वजह है कि पिछले दो दशक में छह लाख से भी ज्यादा किसानों के आत्महत्या कर लेने पर भी हमारा शासक वर्ग जरा भी विचलित नहीं हुआ। शासक वर्ग की यही निष्ठुरता साल 2020 में कोरोना महामारी के चलते महानगरों और बडे शहरों से गांवों की भूखे-प्यासे पैदल पलायन करने वाले लाखों मजदूरों की बेबसी और बीते साल 2021 में महामारी की दूसरी लहर के दौरान मारे गए लोगो की गंगा नदी में तैरती लाशों के प्रति भी दिखी। यह स्थिति बताती है कि हमारा व्यवस्था तंत्र गांव, गरीब और किसान को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने में पूरी तरह विफल रहा है।
हालांकि गांवों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए के लिए करीब तीन दशक पहले पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक स्वरूप प्रदान किया गया था, मगर ग्रामीण इलाकों में निवेश नहीं बढ़ने से पंचायतें भी गांवों को कितना खुशहाल बना सकती हैं? इन्हीं सब कारणों के चलते के चलते हमारे संविधान की मंशा के अनुरूप गांव स्वावलंबन की ओर अग्रसर होने की बजाय अति परावलंबी और दुर्दशा के शिकार होते गए। गांव के लोगों को सामान्य जीवनयापन के लिए भी शहरों का रुख करना पड़ रहा है। खेती की जमीन पर सीमेंट के जंगल उग रहे हैं, जिसकी वजह से गांवों का क्षेत्रफल कितनी तेजी से सिकुड़ रहा है, इसका प्रमाण 2011 की जनगणना है। इसमें पहली बार गांवों की तुलना में शहरों की आबादी बढ़ने की गति अब तक की जनगणनाओं में सबसे ज्यादा है। शहरों की आबादी 2001 के 27.81 फीसदी से बढ़कर 2011 की जनगणना के मुताबिक 31.16 फीसदी हो गई जबकि गांवों की आबादी 72.19 फीसदी से घटकर 68.84 फीसदी हो गई। इस प्रकार गांवों की कब्रगाह पर विस्तार ले रहे शहरीकरण की प्रवृत्ति हमारे संविधान की मूल भावना के एकदम विपरीत है।
दरअसल, भारत की आजादी और भारतीय गणतंत्र की मुकम्मल कामयाबी की एक मात्र शर्त यही है कि जी-जान से अखिल भारतीयता की कद्र करने वाले क्षेत्रों और तबकों की अस्मिताओं और संवेदनाओं की कद्र की जाए। आखिर जो तबके हर तरह से वंचित होने के बाद भी शेषनाग की तरह भारत को अपनी पीठ पर टिकाए हुए है, उनकी स्वैच्छिक भागीदारी के बगैर क्या हमारी आजादी मुकम्मल हो सकती है और क्या हमारा गणतंत्र मजबूत हो सकता है? जो समाज स्थायी तौर पर विभाजित, निराश और नाराज हो, वह कैसे एक कामयाब गणतंत्र बन सकता है?

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं)

Related Posts

आंबेडकरवादी राजनीतिक–सैद्धांतिक परिप्रेक्ष्य में संत कबीर: नैतिक विद्रोह से सामाजिक मुक्ति की राजनीति तक
  • TN15TN15
  • June 29, 2026

एस आर दारापुरी    संत कबीर (लगभग पंद्रहवीं…

Continue reading
पंजाब का आद-धर्म आंदोलन : उसका सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक प्रभाव तथा वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता
  • TN15TN15
  • June 29, 2026

एस आर दारापुरी आई.पी.एस.(रिटायर्ड)   आद-धर्म आंदोलन औपनिवेशिक…

Continue reading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

आंबेडकरवादी राजनीतिक–सैद्धांतिक परिप्रेक्ष्य में संत कबीर: नैतिक विद्रोह से सामाजिक मुक्ति की राजनीति तक

  • By TN15
  • June 29, 2026
आंबेडकरवादी राजनीतिक–सैद्धांतिक परिप्रेक्ष्य में संत कबीर: नैतिक विद्रोह से सामाजिक मुक्ति की राजनीति तक

लुधियाना में मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर स्कूल प्रिंसिपल की बेरहमी से हत्या, बेटे को बनाया बंधक

  • By TN15
  • June 29, 2026
लुधियाना में मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर स्कूल प्रिंसिपल की बेरहमी से हत्या, बेटे को बनाया बंधक

अनमोल इंडस्ट्रीज, ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों का काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन, प्रबंधन पर समझौता टालने और पुलिस पर दमन का आरोप

  • By TN15
  • June 29, 2026
अनमोल इंडस्ट्रीज, ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों का काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन, प्रबंधन पर समझौता टालने और पुलिस पर दमन का आरोप

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में गंगाजल पाइपलाइन के खुले गड्ढे में समाई कार, बड़ा हादसा टला; बाल-बाल बची युवक की जान

  • By TN15
  • June 29, 2026
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में गंगाजल पाइपलाइन के खुले गड्ढे में समाई कार, बड़ा हादसा टला; बाल-बाल बची युवक की जान

‘आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की चिंता सरकार करेगी’, जनता दर्शन में बोले CM योगी आदित्यनाथ

  • By TN15
  • June 29, 2026
‘आप स्वास्थ्य पर ध्यान दें, इलाज की चिंता सरकार करेगी’, जनता दर्शन में बोले CM योगी आदित्यनाथ

IND Vs IRE: ‘वैभव ऐसे ही पानी पिलाता रह जाएगा’, आयरलैंड दौरे पर टीम में नहीं मिला मौका तो सोशल मीडिया पर भड़के फैन्स

  • By TN15
  • June 29, 2026
IND Vs IRE: ‘वैभव ऐसे ही पानी पिलाता रह जाएगा’, आयरलैंड दौरे पर टीम में नहीं मिला मौका तो सोशल मीडिया पर भड़के फैन्स