Site icon Thenews15.in

सिंगरौली में बारिश का कहर खेतों में रखी धान की फसल अंकुरित किसानों की बढ़ी चिंता फसल नुकसानी का सर्वे कराए सरकार.. शिव सिंह

सिंगरौली । चक्रवात के कारण सिंगरौली जिले में पिछले 24 घंटे की बेमौसम बारिश किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है वहीं कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल भी भीगकर खराब हो गई है। लगातार नमी और पानी के संपर्क में रहने से कटी हुई धान की फसल के दाने अंकुरित हो गए हैं। इससे किसानों की महीनों की मेहनत और लागत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। बारिश का असर केवल धान की फसल तक सीमित नहीं है। बल्कि खेतों में लगी सब्जियों की फसलों का भी नुकसान हो गया है। खेतों में जलभराव और लगातार बारिश से सब्जियों के पौधों के सड़ने तथा उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर फसल खेतों में रखी थी उनके सामने अब उसे सुरक्षित बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। किसानों का कहना है कि एक ओर खेती की लागत लगातार बढ़ रही है वहीं दूसरी ओर मौसम की मार से तैयार फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो धान के दानों के अंकुरित होने के साथ सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान हो सकता है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट शिव सिंह कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह शंखू प्रदेश सचिव संतकुमार पटेल संभागीय संयोजक पुष्पेंद्र सिंह एड किसान संघर्ष समिति सिंगरौली के अध्यक्ष अशोक सिंह पैगाम कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश तथा समारू सिंह मरकाम ने मोहन सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसलों का सर्वे कराया जाए तथा नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए ताकि मौसम की मार झेल रहे किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।

Exit mobile version