रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि यदि दो देश एक साथ आजाद हुए, और एक ने मेहनत, सही नीतियों और दूरदृष्टि से फेरारी जैसी अर्थव्यवस्था बनाई, जबकि दूसरा अभी भी डंपर जैसी स्थिति में है, तो यह पाकिस्तान की अपनी नाकामी है। मुनीर ने अपने बयान में भारत को चमकती मर्सिडीज और पाकिस्तान को रेत से भरे डंपर ट्रक की संज्ञा दी थी, जिसका जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने इसे पाकिस्तान की कमजोरी और असफलता का कबूलनामा बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान पाकिस्तान की ‘कबीलाई और लुटेरी मानसिकता’ को दर्शाता है, जो उसके जन्म से चली आ रही है।






