महाराष्ट्र के मुंबई के गोरेगांव इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां पत्नी पर प्रेम संबंध होने के शक में एक पति ने उसके प्रेमी की पत्नी के सामने ही हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस द्वारा दी गई के मुताबिक आरोपी की पहचान भीमराज ओमप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 48 साल है। ओमप्रकाश शर्मा को लंबे समय से अपनी पत्नी और विकास भुसारे के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। कुछ समय पहले विकास ने आरोपी की पत्नी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद नहीं आरोपी का शक खत्म नहीं हुआ।
शराब पार्टी के बाद हुआ खूनी विवाद
बताया जा रहा है कि इसी गुस्से के कारण आरोपी ने विकास को खत्म करने की साजिश रची और विकास को अपने घर बुलाया। रात देर तक आरोपी भीमराज, उसकी पत्नी और विकास तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी. इसी दौरान बातचीत बहस में बदल गई। शराब के नशे में भीमराज का गुस्सा बेकाबू हो गया और उसने गुस्से में कहा, “तुम मेरे घर बार-बार क्यों आते हो? आगे से फिर मत दिखना.” देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई और भीमराज ने घर से चाकू निकालकर पत्नी के सामने ही विकास के गले पर हमला कर दिया. गले पर वार होने से विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
जंगल में छिपा आरोपी, 3 घंटे में गिरफ्तार
हत्या के बाद आरोपी भीमराज आरे कॉलोनी के घने जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया और महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।








