राम विलास
राजगीर। दानापुर मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार कार्मिक एवं चिकित्सा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कर्मचारी परिवाद शिविर सह स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन राजगीर स्टेशन पर बुधवार को किया गया। शिविर में सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी, बख्तियारपुर डॉ एकता एवं उनकी टीम के साथ दानापुर मंडल के सहायक कार्मिक अधिकारी मनीष कुमार, दिलीप कुमार, एकलव्य कुमार ज्योति, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक शामिल हुए।
यहां के स्टेशन प्रबंधक चन्द्रभूषण सिन्हा एवं एकलव्य कुमार ज्योति मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक के नेतृत्व में राजगीर स्टेशन के सभी विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गयी। स्वास्थ्य जांच के अलावे कर्मचारियों के परिवादों को सुना गया और निदान के लिए कलम बंद भी किया गया।
डॉ एकता द्वारा रेलवे कर्मचारियों को भीषण गर्मी से बचने के लिए अनेकों टिप्स दिया गया। भीषण गर्मी में खाली पेट नहीं रहने और पानी तथा ग्लूकोज सेवन करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कर्मचारियों को समय-समय पर अपने स्वास्थ्य बीपी, शुगर आदि आवश्यक जांच कराने का सुझाव दिया।
नियमित ओआरएस घोल का सेवन करने के लिए उनके द्वारा प्रेरित किया गया। कार्मिक विभाग द्वारा राजगीर स्टेशन पर चिकित्सा विभाग और एकाउंट विभाग द्वारा शिविर आयोजन से कर्मचारियों में काफी खुशी है।
कर्मचारियों ने कहा कि ऐसे शिविर का आयोजन राजगीर में त्रैमासिक किया जाना चाहिये, ताकि सभी कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच और कार्मिक संबंधित समस्याओं का निदान भी आसानी से हो सके।