मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के द्वारिकानाथ हाई स्कूल परिसर में रविवार को श्रावणी मेला 2025 का विधिवत उद्घाटन हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री जीवेश कुमार, राज्य सरकार के अन्य मंत्रीगण, महापौर निर्मला देवी, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन (भा.प्र.से.), वरीय पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, समेत कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
ऐप से श्रद्धालुओं को मिलेगी कई सुविधाएं:
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने “श्रावणी मेला ऐप” का भी लोकार्पण किया, जिसे नगर निगम द्वारा विशेष रूप से इस मेले के लिए विकसित किया गया है। यह ऐप श्रद्धालुओं को रूट मैप, चिकित्सा सहायता, शौचालय, पेयजल, विश्राम स्थल, सुरक्षा, और लावारिस वस्तु सूचना केंद्र जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। साथ ही, श्रद्धालु ऐप के माध्यम से शिकायतें दर्ज कर सकेंगे, जिनका समाधान एक विशेष कंट्रोल रूम द्वारा किया जाएगा।
नगर विकास मंत्री ने ऐप को एक नवाचारी तकनीकी पहल बताया और कहा कि इससे मेला व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और श्रद्धालु हितैषी बनेगी। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त में उपलब्ध है।
गरीबनाथ कॉरिडोर को लेकर महापौर की अपील:
महापौर श्रीमती निर्मला देवी ने बताया कि नगर निगम द्वारा बाबा गरीबनाथ धाम के विकास हेतु “गरीबनाथ कॉरिडोर” का प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया, जिससे श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने के लिए सुगम व सुव्यवस्थित मार्ग मिल सके।
श्रावणी मेला के शुभारंभ के साथ ही धार्मिक आस्था, परंपरा और तकनीक का समन्वय देखने को मिला, जिससे आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं को सुविधा और सेवा दोनों का अनुभव होगा।








