डोनाल्ड ट्रंप से दो दो हाथ करने के लिए अपनी पार्टी बनाएंगे एलन मस्क?
तो क्या अमेरिकी राष्ट्रपति एलन मस्क की दुकान बंद कराकर ही मानेंगे ? तो क्या एलन मस्क ने भी डोनाल्ड ट्रंप से दो दो हाथ करने की ठान ली है ? तो क्या एलन मस्क डोनाल्ड ट्रंप से टक्कर लेने के लिए अपनी पार्टी बनाने जा रहे हैं ?
दरअसल डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच तनाव हाल ही में बढ़ गया है। खासकर ट्रंप के “वन बिग ब्यूटीफुल बिल” को लेकर ज्यादा टकराव देखा जा रहा है। इस बिल की मस्क ने तीखी आलोचना की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय कर्ज को 2.4 ट्रिलियन से बढ़ाकर 5 ट्रिलियन डॉलर तक ले जा सकता है। इसके जवाब में ट्रंप ने मस्क को धमकी दी कि उनकी कंपनियों, जैसे टेस्ला और स्पेसएक्स, की सरकारी सब्सिडी और कॉन्ट्रैक्ट्स खत्म किए जा सकते हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि बिना सब्सिडी के मस्क को अपनी “दुकान बंद” कर दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ सकता है।
मस्क ने भी पलटवार करते हुए नई पॉलिटिकल पार्टी “द अमेरिकन पार्टी” बनाने की धमकी दी और ट्रंप के समर्थक सांसदों को हटाने की बात कही। हालांकि, जून 2025 में दोनों के बीच सुलह के संकेत मिले थे जब मस्क ने अपने कुछ विरोधी पोस्ट हटाए और ट्रंप से माफी मांगी। लेकिन हाल की खबरों से लगता है कि तनाव फिर से बढ़ रहा है।






