मुंबई। अक्सर सोशल मीडिया पर युवा लड़की की बनी प्रोफ़ाइल के चक्कर में फंस जाते हैं। बिना सोचे समझे लड़की के बुलाने पर चले जाते हैं और किसी षड्यंत्र का शिकार हो जाते हैं। ऐसा ही एक वाक्या महाराष्ट्र के पुणे में हुआ। यहां से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
दरअसल 17 साल के किशोर अमन सिंह (एक पेंटर) को इंस्टाग्राम पर फेक प्रोफाइल से ‘लड़की’ बनकर मैसेज भेजा गया। चैटिंग के बाद अमन को कात्रज घाट पर मिलने बुलाया गया।
वहां पहले से मौजूद चार आरोपियों ने उस पर हमला किया, उसे बेहोश किया और फिर खेड़-शिवापुर के एक दूरदराज इलाके में ले जाकर पत्थर और दरांती से बेरहमी से मार डाला। हत्या के बाद शव को दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने इस मामले में दो 19 साल के युवक (प्रथमेश चिंदु अधिकारी और नागेश बलाजी धाबले, दोनों बेलगाम निवासी) को गिरफ्तार किया है, साथ ही दो नाबालिग (16 और 17 साल) आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि हत्या पुराने विवाद और प्रताड़ना के चलते की गई। यह घटना 8-9 जनवरी 2026 के आसपास की है और सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल के खतरे को फिर से उजागर करती है। ऐसी चैटिंग में सावधानी बरतें, अजनबी से मिलने से पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें।








