Site icon Thenews15.in

Bihar floods : BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने दान में दिए ₹6.35 लाख, बिहार में बाढ़ राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 महीने की सैलरी दी

नई दिल्ली। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार में बाढ़ राहत के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में अपनी तीन महीने की सैलरी दान की है। नितिन नवीन ने इसी साल अप्रैल में राज्यसभा की सदस्यता ली थी और उन्होंने अपनी सैलरी से मिले 6.35 लाख रुपये सीएम रिलीफ फंड में दान किया है।

फसलों को हुए नुकसान का भी लिया जा रहा जायजा

 

बीजेपी की ओर से कहा गया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को बिहार में बाढ़ की हालात को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की और राज्य सरकार की ओर से हो रही शीघ्र कार्रवाई और केंद्र सरकार की ओर से मिल रही सहायता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है और संकट के समय सरकार पूरी तरह से लोगों के साथ खड़ी है। किसानों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया भी जारी है और केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद ही राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया है।

 

बाढ़ प्रभावित परिवारों को 550 करोड़ रुपये की सहायता

 

बीजेपी का कहना है कि बिहार की एनडीए सरकार बाढ़-प्रभावित परिवारों तक तुरंत राहत पहुंचाने के लिए सक्रियता से जुटी हुई है। पार्टी का कहना है कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बीजेपी के मुताबिक बिहार में अब तक प्रभावित परिवारों तक 550 करोड़ रुपये की सहायता पहुंचाई जा चुकी है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 7,000 रुपये की वित्तीय राहत दी गई है। इसके साथ ही रिलीफ कैंप, कम्युनिटी किचेन और मेडिकल सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

Exit mobile version