पटना के बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के बाद जांच जारी है। इसी बीच मोकामा के दबंग विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे हैं, वहां गमजदा परिजनों को देखकर वह भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
बाहुबली विधायक को रोता देख वहां का पूरा माहौल गमगीन हो गया. बाद में खुद को संभालते हुए उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि घटना के जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी। अनंत सिंह ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। इस दौरान घरवालों ने इलाके में खुलेआम शराब बिकने का आरोप लगाया। बता दें कि बेढ़ना में 30 अगस्त को शराब पीने के बाद चार युवकों की तबीयत बिगड़ गई थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
चार युवकों की मौत से मचा हड़कंप
मृतकों की पहचान शशि कुमार (32 साल), विकास राम (40 साल), पंकज सिंह (45 साल) और निशू कुमार (30 साल) के रूप में हुई है। घटना के बाद शुरुआती तौर पर जहरीली शराब की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की. मंगलवार को पटना के ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है. इनमें दो गिरफ्तार आरोपी हैं, जबकि एक नाबालिग हिरासत में है।
पुलिस ने बताया था ‘लव एंगल’
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लाली कुमार ने पूछताछ में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने की बात स्वीकार की है. पुलिस का दावा है कि इसके पीछे प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश थी। हालांकि, शराब में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी और उसी से मौत होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है।
ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
वहीं पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस और लव एंगल वाले खुलासे पर ग्रामीण भड़क गए थे। मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने बाढ़ थाने का घेराव किया था। उनका कहना था कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है. सही से जांच नहीं करने का भी आरोप लगाया था।








