दमन से बाज आए भाजपा सरकार, तत्काल रिहा करें
लखनऊ । किसानों के सवालों पर उड़ीसा विधानसभा के सामने भुवनेश्वर में कृषक नवनिर्माण संगठन उड़ीसा द्वारा आयोजित प्रदर्शन से पूर्व किसान नेताओं की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने की ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की राष्ट्रीय कार्य समिति ने कड़ी निंदा की है। एआईपीएफ ने उड़ीसा की भाजपा सरकार से दमन से बाज आने और किसान नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की है। एआईपीएफ ने कहा है कि कॉर्पोरेट घरानों के हितों को पूरा करने के लिए उड़ीसा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगी हुई है और लोकतंत्र पर हमला कर रही है।
किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, जमीन से हो रही बेदखली पर रोक लगाने समेत तमाम मांगों पर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था। जिसमें शामिल होने गए किसान नेता राकेश टिकैत, राजद सांसद सुधाकर सिंह, ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय सिंह, कृषक नवनिर्माण संगठन के उड़ीसा के संयोजक अक्षय भाई समेत दर्जनों नेताओं को गिरफ्तार किया गया। जिसमें से राकेश टिकैत और सुधाकर सिंह को कल देर शाम रिहा कर दिया गया और बाकी लोगों को जेल भेज दिया गया। एआईएफएफ ने इस गिरफ्तारी को लोकतंत्र के लिए अशुभ बताया है। एआईपीएफ ने देश की सभी लोकतांत्रिक शक्तियों और राजनीतिक दलों से इस दमन के खिलाफ खड़े होने की अपील की है।

