कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पश्चिम बंगाल के CJP वॉलंटियर के अब्दुल हफीज से बात की। आरोप है कि अब्दुल के पिता की हमले में मौत हो गई। दीपके ने बीजेपी के सदस्यों पर इसका आरोप लगाया. बांकुड़ा जिले में अब्दुल के घर सोमवार को सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका पहुंचे। रांका और अन्य सदस्यों की मौजूदगी में दीपके ने अब्दुल से वीडियो कॉल पर बात की। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है। बीजेपी ने हमले से किसी भी तरह के संगठनात्मक संबंध से इनकार किया है।
अब तुम हमारी जिम्मेदारी हो- अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके ने कहा कि अब तुम हमारी जिम्मेदारी हो. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ”हम हमेशा आपके और आपके परिवार के साथ खड़े रहेंगे. इस लड़ाई में आप अकेले नहीं हैं.” वीडियो कॉल पर दीपके ने कहा, “अब तुम हमारी जिम्मेदारी हो.” अब्दुल से बात करने के दौरान दीपके भावुक भी हो गए।
पापा चले गए, लेकिन हम स्कूल ठीक करके रहेंगे-अब्दुल
अभिजीत दीपके ने बताया, ”मैंने अब्दुल से बात की, जिनके पिता की हत्या बीजेपी सदस्यों ने कर दी थी. उनसे बात करते हुए मैं फूट-फूट कर रो पड़ा लेकिन अब्दुल ने मुझे हिम्मत दी और कहा कि टूटना नहीं है. हमें स्कूल ठीक करना है. पापा चले गए, लेकिन हम स्कूल ठीक करके रहेंगे।
देश को आप जैसे बेटे पर गर्व है- अभिजीत दीपके
उन्होंने आगे लिखा, ”अब्दुल, मेरे भाई, आपका साहस आपके पिता द्वारा दिए गए मूल्यों और ताकत को दर्शाता है. उन्हें खोने के बाद भी, आप दूसरों को शक्ति और साहस दे रहे हैं. देश को आप जैसे बेटे पर गर्व है। नफरत की वजह से हुए इस अपराध में अपने पिता को खोने के बाद भी, आप अपने इलाके के स्कूलों को बेहतर बनाने और अन्य बच्चों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

