ओडिशा के बालासोर जिले के खैरा तहसील में कलामचुआ गांव के अंतर्गत बनसगढ़ा पंचायत में एक भूखा जंगली हाथी भोजन की तलाश में गांव में घुस आया। तीन युवक अचानक उसके सामने आ गए, जिससे हाथी भड़क गया। उसने सुरेंद्र दास नामक एक युवक को जोरदार धक्का देकर कंक्रीट की सड़क पर पटक दिया और फिर पैरों तले कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकी दो युवकों पर भी हमला किया, जो गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। जिला कलेक्टर ने घायलों के लिए रेड क्रॉस से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मृतक के परिवार को वन विभाग से अतिरिक्त सहायता मिलेगी, और यदि कोई संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई तो राजस्व विभाग के नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। सावधानी के तौर पर आसपास के 10 गांवों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और हाथी को जंगल में खदेड़ने का प्रयास जारी है, साथ ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विभाग को हाथी की मौजूदगी की जानकारी थी, लेकिन समय पर न तो उसे जंगल वापस भगाया गया और न ही ग्रामीणों को अलर्ट किया गया। खैरा रेंज तहसीलदार अमित रंजन होटा ने बताया, “हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर रेड क्रॉस से आर्थिक सहायता दी जाएगी। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया है। वन विभाग की टीम मौके पर है और हाथी को हटाने का प्रयास हो रहा है।”






