यह जो बी टीम बनाने वाली बात है और किसकी पतंग की डोर किसके हाथ में वाली बात है, वह चुनाव परिणाम तक नेताओं, दलों और उनके समर्थकों के बीच चलती रहेगी, लेकिन आरएसएस, बीजेपी बीटीम बनाती कैसे है, यह समझते हैं, या समझने की कोशिश करते हैं, मुझे न समझ में आए तो आप बताइएगा।
तो आइए। बात 2017 की है:
कैसे बने बी टीम यह जानने के लिए 2017 में ले चलते हैं। हम उसी वक्त उनके गांव गए थे, जब संघ की टकसाल पर उन्हें बनाने का ‘ षड्यंत्र ‘ चल रहा था! गांव धड़कौली, जहां ‘द ग्रेट चमार ‘ का बोर्ड लगा था। उस इलाके में घूमे थे, शब्बीरपुर गए थे, जहां बाबा साहेब की मूर्ति का विवाद हुआ था। इलाके में जातीय तनाव था।
तो बी टीम थेयरी के हिसाब से क्या पता चला?
पहले घटनाएं:
आरएसएस बेहद दूरदर्शी संगठन है। उसे पता था कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो उन्हें कुछ बी टीम की जरूरत पड़ेगी। उसने ऐसे बी टीम की तलाश शुरू कर दी थी। उसकी निगाह सहारनपुर जिले के धड़कौली गांव के चंद्रशेखर पर पड़ी।
धड़कौली का बालक चंद्रशेखर जब युवा हुआ , वास्ता में युवा, 28 से 30 साल का, तब, जब राहुल गांधी 42 से 44 साल के युवा थे, तो उसके भीतर राजनीति की महत्वाकांक्षा डाली संघ ने, भाजपा ने। ऐसी कि पहले तो वह युवा अम्बेडकरवादी भाषा बोलने लगा। और जगह-जगह आंदोलन करने लगा। सहारनपुर के एसएसपी भी उसके आंदोलन से डरने लगे, उनके आवास पर कुछ पत्थरबाजी आदि हुई थी।
बात इससे भी आगे और राष्ट्रीय बनानी थी, अंतरराष्ट्रीय तो उसी इलाके का एक और युवा उतार दिया। फूलन देवी की हत्या के लिए सजायाफ्ता शेर सिंह राणा को।
इलाके में कुछ कुछ तनाव होने लगा। खूब होने लगा। इलाके के शब्बीरपुर गांव में जातीय तनाव हो गया। बाबा साहेब की मूर्ति का विवाद हो गया, एक की हत्या भी हो गई। चंद्रशेखर को उठाकर जेल में डाल दिया गया।
हम तभी धड़कौली गए, शब्बीरपुर गए थे, और भी कई जगह। शेर सिंह राणा का इंटरव्यू भी किया। चंद्रशेखर जेल में थे। तब वे रावण थे। यह सरनेम हमें वैचारिक लगता था।
सहारनपुर में राजपूत डीएम और एसपी भेजे गए थे यूपी के योगी, लेकिन राजपूत रह गए सीएम द्वारा। तब के राजपूत डीएम, जो अनुभवी भी थे, ने साफ माना कि इलाके में राजपूत बनाम दलित हुआ है, और उन्होंने उसकी वजह साफ- साफ राणा की रिहाई को भी माना था।
यहां से चंद्रशेखर की ख्याति, उनकी भीम आर्मी की ख्याति होने लगी और भीम आर्मी की शाखाएं भी बढ़ने लगी।
चंद्रशेखर की भीम आर्मी जगह -जगह दलित युवाओं की आवाज बनने लगी, कई जगह चंद्रशेखर रॉबिन हुड की तरह भी आंदोलन में आते।
2019 में चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के बाद प्रियंका गांधी उनसे मिलने चली गईं। कह नहीं सकता प्रियंका गाँधी के माध्यम से भाजपा संघ की कौन सी चाल थी बी टीम वाली, या प्रियंका जी मिस जज कर गई थीं।
इस बीच चंद्रशेखर को लगने लगा था कि उन्हें रावण नाम हटा देना चाहिए क्योंकि अब राष्ट्रीय भूमिका लेनी थी, द ग्रेट चमार वाला पोजीशन भी बदलने लगा था। हम जैसे लोग जो रॉबिन हुड राजनीति के समर्थक नहीं हैं, उन्हें कई जगह अचानक प्रकट होते देखते, जंतर – मंतर से लेकर जामा मस्जिद तक, उतने उत्साहित नहीं रह गए थे।
फिर आया इंडिया गठबंधन, उसके पहले यूपी में 2022 का चुनाव:
2022 में चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी की समाजवादी पार्टी से गठबंधन होते होते रह गई। पता नहीं होने में या रह जाने में आरएसएस, बीजेपी की भूमिका कितनी थी, किस डिग्री की थी, बी टीम थेयरी के लिए अनुकूल जरूर थी। चंद्रशेखर ने स्वयं और उनकी आजाद समाज पार्टी ने चुनाव लड़ा। पता नहीं क्या हुआ भाजपा ने आरएसएस ने प्लान किया, सीधे लड़ा दिया योगी आदित्यनाथ से गोरखपुर में। चौथे स्थान पर रहे, जमानत जब्त के साथ। बसपा उनसे आगे तीसरे पर और कांग्रेस उनसे पीछे पांचवें पर।
कांग्रेस तब लड़की हूं तो लड़ सकती हूं वाले हिसाब में थी। तो उनकी तरफ से लड़की लड़ रही थी, नाम था चेतना पांडेय, तीन हजार से कम वोट लाया, चंद्रशेखर उनसे चार हजार से अधिक आगे रहे। तब अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को भी एक तंत्र बी टीम बता रहा था। उन्हें भाजपा से संचालित बता रहा था। बी टीम कहां होती है, यह मुझे नहीं पता दूसरे स्थान पर, या पांचवें पर या चौथा वाला ही होता है। कहने को तो अभी भी तीसरे वाली बसपा को लोग जोर -जोर से बी टीम बताते हैं, और यह पोस्ट यही समझने के लिए है कि भाजपा संघ बनाती कैसे है बी टीम?
2024 में फिर इंडिया गठबंधन बना
भाजपा, आरएसएस ने कहा जाता है कि नीतीश कुमार को आगे बढ़ाया और इंडिया गठबंधन को ईंट- ईंट जोड़ा उन्होंने, कांग्रेस को धूरी बनाया। लेकिन पता नहीं इसमें कितनी डिग्री थी मोहन भागवत की सलाह की या भाजपा की कि सभी दलित नेताओं से दूरी रखी गई, बसपा से भी, चंद्रशेखर कहते रह गए, उन्हें भला कौन जोड़ता, दो बी टीम मिलकर ए हो जाते तो? बेचारी भोली कांग्रेस ठगी गई, नीतीश जी भी निकल लिए और कोई दलित नेतृत्व की पार्टी इंडिया गठबंधन में नहीं रही। बीच में अखिलेश जी को भी कांग्रेस के नेताओं ने ‘अखिलेश कौन’ जैसे आइडेंटिटी का सवाल किया।
अभी तक बहुत से लोगों को बसपा की चिंता हो रही थी, बहन जी की कि वे बी टीम हुई जा रही हैं। अब उन लोगों को बसपा समर्थकों से ज्यादा चिंता हो रही है कि बाजार में बसपा की भी एक बी टीम आ गई। जबकि 2017 में भी हम जब धड़कौली गए थे, शब्बीरपुर गए थे तो बसपा के कैडर शांत और संतुलित थे। वे वह भी समझ रहे थे जो सहारनपुर के डीएम समझ रहे थे या हमें समझा रहे थे और यह भी कि उनकी नेता तो बहन जी ही ही हैं, चंद्रशेखर भी एक युवा नाम उभर रहा है, लेकिन बसपा में नहीं आने वाला, उसकी शैली नहीं है। दो दिनों में एक शाम खाना हमने एक बसपा वाले के घर पर भी खाया था शायद।
हमारी रिपोर्ट आई थी फॉरवर्ड प्रेस में। उसे तब बीबीसी ने नहीं लिया, मेरा मन बीबीसी के लिए रिपोर्ट करने के प्रति तब से दरक गया था। शरद जी ने संसद में मामला उठाया शेर सिंह राणा का । और कुछ एक कॉर्पोरेट चैनल भी पहुंचे थे राणा एंगल पर रिपोर्ट करने, हमारी रिपोर्ट से प्रेरित होकर।
तो समझे बी टीम कैसी बनती है? कौन और क्यों बी टीम थेयरी को ठोस गढ़ता है, प्रसारित करता है?
कुछ समझे भाजपा और संघ का बी टीम खेल अजब – गजब है। एकदम जमीन से बनाते हैं बीटीम, ठोक- पीटकर, जेल भेजकर। विपक्ष की मति- गति भी कभी ऐसी और कभी वैसी बनाकर। बहन जी भाजपा की बी टीम और उनकी बी टीम चंद्रशेखर। यानी चन्द्रशेखर हुए बी टीम का स्क्वायर!
बी टीम थेयरी के हिसाब से राजनीति में अब सब खेल है, सिर्फ मोगैंबो खेलता है!
क्या बी टीम वाली बात मैं समझ गया, आप भी समझ गए?
लेकिन मैं आजतक नहीं समझ पाता कि चंद्रशेखर जैसे सामान्य बैकग्राउंड के लोग आखिर राजनीति में आएंगे कैसे? संघर्ष और डंडे, जेल के अनुभवों से नहीं आयेंगे तो कैसे? ऐसे आयेंगे तो बी टीम ही कहलाएंगे क्या? सीधे आने की सुविधा और संसाधन या तो पीके को हो सकती है, या एके को या आरजी को।







