किसान-मजदूर संघर्ष के साथ वैकल्पिक कृषि एवं आर्थिक नीतियों पर विमर्श जरूरी
किसान संघर्ष समिति की 347वीं किसान पंचायत राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
किसान पंचायत को ओडिशा से लोक शक्ति अभियान के संयोजक प्रफुल्ल सामंतरा, हरियाणा से अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉ इंद्रजीत सिंह, बिहार से अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव कां.पुरुषोत्तम शर्मा, भारतीय किसान यूनियन (नैन) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह नैन, पंजाब किसान यूनियन के महासचिव गुरनाम सिंह भिक्की, महाराष्ट्र से शेतकरी विकास मंच के अध्यक्ष हुसैन खान, छत्तीसगढ़ से भाकियू ने प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही, किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट शिव सिंह, प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट आराधना भार्गव, मालवा निमाड़ क्षेत्र संयोजक रामस्वरूप मंत्री, भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप ठाकुर, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष तेज प्रताप यादव और सिंगरौली जिला अध्यक्ष एडवोकेट अशोक सिंह पैगाम सहित अन्य किसान नेताओं ने संबोधित किया।
किसान पंचायत को संबोधित करते हुए डॉ सुनीलम ने कहा कि किसान आंदोलन निर्णायक दौर में पहुंच चुका है । नागरिकों के वोट देने के अधिकार को बचाने के लिए अब किसान
आंदोलन ने कमर कस ली है।
डॉ सुनीलम ने कहा कि देश के हर नागरिक को सड़क पर उतर कर लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
प्रफुल्ल सामंतरा ने कहा कि उड़ीसा में बाढ़ से पूरी तरह फसलें बर्बाद हो गई है। सरकार खदान के लिए खेती की जमीन और जंगल की हजारों एकड़ जमीन कॉरपोरेट को दे रही है, जो किसानों और पर्यावरण के लिए चुनौती है।
उन्होंने कहा कि खनन से नदियां सुख जायेगी, आदिवासियों की जिंदगी खत्म हो जाएगी।
कॉमरेड इंद्रजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों और मजदूरों में बढ़ता असंतोष रोजगार, शिक्षा, महंगाई और आर्थिक संकट का परिणाम है। कॉरपोरेट परस्त नीतियों के विकल्प के रूप में वैकल्पिक कृषि एवं आर्थिक नीतियों पर गंभीर विमर्श और व्यापक लामबंदी जरूरी है। उन्होंने माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के कर्ज जाल और किसानों को उत्पादन लागत के अनुरूप फसल का मूल्य नहीं मिलने पर चिंता जताई।
पुरुषोत्तम शर्मा ने धान खरीदी में कटौती, खाद की किल्लत और बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए उचित दर पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार में लैंड पूलिंग नीति के खिलाफ 26 नवंबर के बाद 20 दिवसीय अभियान चलाया जाएगा।
जोगिंदर सिंह नैन ने गन्ने के मूल्य में मात्र 15 पैसे प्रति किलो वृद्धि को अपर्याप्त बताते हुए विभिन्न चीनी मिलों पर किसान पंचायतें आयोजित करने की जानकारी दी। उन्होंने टिकरी बॉर्डर पर शहीद 750 किसानों की स्मृति में स्मारक निर्माण हेतु दो एकड़ जमीन आवंटित करने की मांग भी उठाई।
गुरनाम सिंह भिक्की ने धान खरीदी में नमी और वजन के नाम पर किसानों की लूट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मांगों पर बातचीत नहीं होने पर 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर किसान पड़ाव शुरू किया जाएगा।
हुसैन खान ने महाराष्ट्र की 358 तहसीलों में से 305 को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बावजूद पर्याप्त राहत नहीं मिलने की बात कही। उन्होंने संपूर्ण कर्जमाफी, 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा, सी2+50 प्रतिशत के आधार पर एमएसपी और फसल बीमा की शर्तों में बदलाव की मांग की।
तेजराम विद्रोही ने बस्तर में आदिवासियों की गिरफ्तारी, हसदेव में कोयला खनन और जंगलों की कटाई पर चिंता जताई। उन्होंने बाढ़ एवं अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा तथा आदिवासी क्षेत्रों में न्याय और पुनर्वास सुनिश्चित करने की मांग की।
एड आराधना भार्गव ने बताया कि 25 दिसंबर को किसान संघर्ष समिति का स्थापना दिवस तथा 12 जनवरी 2027 को मुलताई में शहीद किसान स्मृति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।
एडवोकेट शिव सिंह ने किसानों के खिलाफ रीवा के भाजपा सांसद के बयानों का विरोध करते हुए गांव-गांव में विरोध अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने 26 नवंबर के राष्ट्रव्यापी किसान आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
किसान पंचायत में किसानों और मजदूरों की एकजुटता मजबूत करने, कृषि संकट के खिलाफ देशव्यापी संघर्ष तेज करने तथा किसान हितैषी वैकल्पिक नीतियों के लिए व्यापक जन लामबंदी का संकल्प लिया गया।
किसान पंचायत का लाईव प्रसारण बहुजन संवाद युट्युब चैनल और फेसबुक पेज पर किया गया।







