कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सभी को पार्टी संगठन और सरकार की तरफ से कहूंगा निषाद पार्टी के 2013 से 2026 तक 10 साल बेमिसाल रहे हैं. अब हम सिर्फ नाव नहीं चुनाव वाले हैं, मछुआरों को आरक्षण देना ही पड़ेगा बीजेपी भी समझ ले. अगर आरक्षण लागू नहीं किया तो बीजेपी भी धोखा खाएगी, जिसने हमको धोखा दिया उसने धोखा खाया। बीजेपी समझ ले, हमको आरक्षण चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव में निषाद पार्टी का झंडा लगा है और सभी राजनीतिक दल निषाद समाज का नाम ले रहे हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस भी टिकट देने की बात कर रही हैं, लेकिन निषाद पार्टी की प्राथमिकता आरक्षण है।
संजय निषाद ने कहा कि बीजेपी हो या समाजवादी पार्टी, सभी निषाद पार्टी को साथ लेकर चलने की बात कर रहे हैं. लेकिन गठबंधन और समर्थन की बात तभी होगी, जब आरक्षण के मुद्दे पर बात होगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरक्षण के बिना किसी से बात नहीं होगी और पार्टी अपने दम पर आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा, “जय भीम वालों ने आरक्षण लागू करवा लिया, अब जय निषादराज वाले भी अपना हक लेकर रहेंगे. दिल्ली दूर नहीं है.” संजय निषाद ने कहा कि फिलहाल महासम्मेलन में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंचे हैं. अगर जनता ने दिल्ली की ओर कूच किया तो क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
हमें राशन नहीं, शासन चाहिए- संजय निषाद
संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं से समाज के अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को केवल योजनाओं का लाभ नहीं, बल्कि सत्ता और शासन में भी भागीदारी चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “हमें राशन नहीं, शासन चाहिए.” उन्होंने समाज की बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया और कार्यकर्ताओं से अन्याय के खिलाफ खड़े होने की अपील की. महासम्मेलन में निषाद समाज के संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।







