उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए भी पार्टियों की तरफ से तैयारी तेज हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से काशी क्षेत्र के कार्यालय में वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 10 जिलों के जिला अध्यक्ष जिला संयोजक और अन्य भाजपा पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।
वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी की तरफ से भी वोटर से संपर्क के अलावा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की पहल महीनों पहले ही शुरू की जा चुकी है। एबीपी लाइव को मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से काशी क्षेत्र कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 10 जिला के जिला अध्यक्ष जिला संयोजक और अन्य भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रमुख तौर पर इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने मतदाताओं के मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सभी शिक्षकों से संपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया, हालांकि, अभी भारतीय जनता पार्टी की तरफ से इस चुनाव के लिए किसी प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। जल्द ही पार्टी की ओर से इस पर कोई फैसला लिया जा सकता है।
समाजवादी पार्टी ने तय किया प्रत्याशी
वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी इस मामले आगे निकल गई है. सपा की तरफ से वाराणसी खंड एवं शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए वर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा को ही मैदान में उतारा गया है. आशुतोष सिन्हा महीनों पहले से ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर शिक्षक मतदाताओं से लगातार संपर्क करने में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव के पहले विशेष तौर पर शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों की यह एक महत्वपूर्ण परीक्षा होगी।