उत्तर प्रदेश के बागपत में एक मंदिर के पुजारी पर ऐसा खौफनाक कांड करने का आरोप लगा है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आरोप है कि पुजारी ने अपने बेटे और दो शिष्यों के साथ मिलकर चाय में जहर देकर दो दोस्तों की हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों के शव मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिए और ऊपर से टाइल्स लगाकर पुजारी वहीं धूना रमाकर बैठ गया, पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर दोनों शव बरामद कर लिए हैं। मुख्य आरोपित पुजारी और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है. घटना को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश पनप गया है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, चांदीनगर थाना क्षेत्र के सिंगोली तगा निवासी 27 वर्षीय दिव्यांग अंकित पुत्र मुकेश और उसका दोस्त 34 वर्षीय इसरार पुत्र रिडकू 24 जुलाई को बाइक से खेकड़ा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। अंकित की बहन भावना ने चांदीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की।
जांच में पुजारी नरेश नाथ का नाम आया
पुलिस की जांच में ग्राम लहचौड़ा स्थित श्री गणेश भगवान मंदिर के पुजारी नरेश नाथ का नाम सामने आया. पुलिस के अनुसार नरेश नाथ पहले सिंगोली तगा के शिव मंदिर में रहता था। बाद में ग्रामीणों के विरोध के बाद वह लहचौड़ा स्थित मंदिर में रहने लगा। अंकित की बहन से उसके कथित अवैध संबंध हो गए। कुछ दिन पहले दोनों का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
जहरीली चाय पिलाकर की हत्या
बताया जा रहा है कि अंकित ने इसका विरोध किया और अपने दोस्त इसरार के साथ मंदिर पहुंचा था। आरोप है कि 25 जुलाई को मंदिर में ही दोनों दोस्तों को चाय पिलाई गई। चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर उनकी हत्या कर दी गई. इसके बाद दोनों के शव मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिए गए। शवों के ऊपर दोबारा टाइल्स लगा दी गईं, ताकि किसी को वारदात का पता न चल सके। आरोप है कि हत्या के बाद पुजारी मंदिर में ही धूना रमाकर बैठा रहा।
उज्जवल ने हत्या का राज उगला
पुलिस ने सर्विलांस और अन्य जांच के आधार पर पूरनपुर नवादा निवासी उज्ज्वल पांचाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मंदिर में शव दबाए जाने की जानकारी सामने आई। उज्ज्वल की निशानदेही पर मंदिर परिसर में खुदाई कर दोनों शव बरामद किए गए. पुलिस ने दूसरे आरोपी कृष्णा यादव को भी गिरफ्तार किया है। दोनों नरेश नाथ पुजारी के शिष्य हैं।
इस मामले में उत्तराखंड के काशीपुर के कंडेशवरी निवासी पुजारी नरेश नाथ, उसका बेटा सौरभ, उज्ज्वल पांचाल निवासी पूरनपुर नवादा और कृष्णा यादव निवासी जालौन के नाम सामने आए हैं. पुलिस ने उज्ज्वल और कृष्णा को गिरफ्तार किया है, जबकि पुजारी नरेश नाथ समेत अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले में हत्या की वजह, जहर और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।







