जोधपुर के मसूरिया इलाके में एक बुजुर्ग दंपत्ति की जिंदगी मुश्किलों में घिर गई है। 75 साल के अकरम खां और उनकी 70 वर्षीय पत्नी रफीका का आरोप है कि उनके बेटे, बहू, पौत्र और पौत्रवधू ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकालने की कोशिश की। हालात ऐसे हो गए हैं कि बुजुर्ग दंपत्ति अपने ही घर में दरवाजे और खिड़कियां बंद करके रहने को मजबूर हैं।
मामला दल्ले खां की चक्की के पास का है। बुजुर्ग दंपत्ति का कहना है कि उन्हें अपने ही परिवार के लोगों से इतना डर लगने लगा है कि वे घर के दरवाजे बंद रखते हैं। उन्हें डर रहता है कि अगर दरवाजा खुला रहा तो परिवार के लोग जबरन घर में घुसकर उनके साथ मारपीट कर सकते हैं।
घर में घुसने को लेकर हुआ विवाद
बुजुर्गों का आरोप है कि उनका बेटा, बहू, पौत्र और पौत्रवधू जबरन घर के अंदर घुस गए. इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिवार के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत करवाया।
पुलिस ने बेटे-बहू और पौत्र को किया पाबंद
देवनगर थाना अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि अकरम खां की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि मकान पर कब्जे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा है. पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की गई और बेटे, बहू तथा पौत्र को पाबंद किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अकरम खां और रफीका का कहना है कि जिस उम्र में उन्हें अपने बच्चों का सहारा मिलना चाहिए, उसी उम्र में वे अपने ही घर में डरकर रहने को मजबूर हैं. उन्हें उम्मीद है कि पुलिस इस पारिवारिक विवाद का स्थायी समाधान निकालेगी और उन्हें अपने घर में सुरक्षित माहौल मिल पाएगा।







