उत्तराखंड राज्य अगले दो-चार दिनों में बारिश के पानी से सराबोर होने वाला हैं, क्योंकि उत्तराखंड में मानसून को लेकर गुड न्यूज आई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राज्य में मानसून 28 से 30 जून के बीच कभी भी प्रवेश कर सकता है। हालांकि इससे पहले ही प्री-मानसून की सक्रियता पूरे प्रदेश में दिखने लगी है, जिसके चलते आने वाले दो-तीन दिनों तक अलग-अलग इलाकों में बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
राज्य के पहाड़ी जिलों के साथ-साथ कुछ मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। गुरुवार के लिए तो मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान दिया है। आईएमडी के मुताबिक, 29 जून को पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि 30 जून को अतिवृष्टि की संभावना है. इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने और संवेदन क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई।
जुलाई-अगस्त में बारिश के साथ उमस भी सताएगी
मौसम जानकारों के मुताबिक, इस बार जुलाई और अगस्त, जो आम तौर पर सबसे ज्यादा बारिश वाले महीने माने जाते हैं, उनमें भी लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलने वाली. यही वजह है कि अब सिर्फ यह देखना जरूरी नहीं रह गया कि मानसून कब आता है, बल्कि यह भी अहम होगा कि आने वाले हफ्तों में वह कितनी देर तक सक्रिय बना रहता है. कहीं ज्यादा बारिश हो सकती है तो कहीं लंबे समय तक मानसून का ब्रेक भी देखने को मिल सकता है।
सभी जिलों में बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी
तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊधम सिंह नगर के पंतनगर में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रुद्रप्रयाग के केदारनाथ में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा यानी पहाड़ों पर अब भी ठंड का असर बना हुआ है।
राजधानी देहरादून में आसमान आज मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि कुछ हिस्सों में बादल भी छाए रह सकते हैं. दोपहर बाद या शाम के समय कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आने वाले तीन दिनों का हाल
27 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक हो सकती है. बाकी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। 28 जून को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि प्रदेश के बाकी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।








