कोटा में गुरुवार (18 जून) की सुबह इंदौर-जोधपुर इंटरसिटी रणथंभौर एक्सप्रेस (12465) में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 9:20 बजे ट्रेन के आगे लगे जनरल कोच के पहियों के पास से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद एहतियातन ट्रेन को लूनीरिछा स्टेशन पर तत्काल रोक दिया गया। धुआं निकलने की सूचना मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और कई लोग जल्दबाजी में कोच से नीचे उतर आए। रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तकनीकी खामी दूर करने के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया।
ब्रेक जाम होने से निकला धुआं
इस घटना के कारण पीछे आ रही बांद्रा-बरौनी अवध एक्सप्रेस को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. समय रहते तकनीकी खराबी का पता चल जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि ब्रेक जाम होने की स्थिति में इस तरह धुआं निकल सकता है और यदि समय पर ध्यान न दिया जाए तो आग लगने की आशंका भी बन सकती है।







