महाराष्ट्र के अकोला जिले में गुरुवार की मध्यरात्रि के आसपास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बच्चे समेत दो लोगों की दुखद मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोरगांव मंजू के पास देर रात हुआ, जहां सड़क के किनारे खड़े एक कंटेनर से एक ‘ईको’ कार जा टकराई। जानकारी के मुताबिक, कंटेनर का डीजल खत्म हो जाने के कारण वह हाईवे किनारे खड़ा था. इसी दौरान आ रही तेज रफ्तार ईको गाड़ी पीछे से कंटेनर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि कुरैशी परिवार माना इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर वापस लौट रहा था। रात के समय सफर के दौरान हुए अचानक इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बच्चे समेत 2 की मौत, 6 घायल
हादसे में 7 वर्षीय शेख अर्शियान शेख इरशाद और 65 वर्षीय अब्दुल कारूस शेख बिरम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। खासकर मासूम बच्चे की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर फैल गई। घायलों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, रात का अंधेरा और तेज रफ्तार भी हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। घटना के बाद बोरगांव मंजू पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







