नोएडा। बी. एच. ई. एल. के प्रबंधन होश में आओ- काम से रोके गए सभी श्रमिकों को काम पर वापस लो! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- मजदूरों से मत टकराओ! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- श्रम आयुक्त केंद्रीय द्वारा लिखित में दिए गए सुझावानुसार वेतनमान लागू करो! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- संस्थान में कार्यरत श्रमिकों के नाम मास्टर रोल पर दर्ज करो! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- पूर्व में मिल रही कैंटीन की सुविधा बहाल करो! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- संस्थान में कार्यरत समस्त श्रमिकों को समान कार्य का समान वेतन व सुविधाएं देनी होगी! बीएचईएल के प्रबंधन होश में आओ- श्रमिकों के साथ भेदभाव व जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करना बंद करो! बीएचईएल के प्रबंधन की मनमानी, तानाशाही नहीं चलेगी आदि जोरदार नारों के साथ 25 अप्रैल 2025 को भारत हैवी इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड प्लॉट नंबर- 25 सेक्टर- 16 ए फिल्म सिटी नोएडा कम्पनी के समक्ष कांन्टे्क्ट लेबर इम्पलाईज यूनियन सीटू के बैनर तले कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा।
धरना प्रदर्शन को सीटू जिला अध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा, महासचिव रामसागर ने संबोधित किया और श्रमिकों को हो रहे उत्पीड़न को रेखांकित करते हुए श्रमिकों से एकजुट रहकर अपने हक अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही मजदूर विरोधी लेबर कोड़ों को रद्द करवाने की मांग पर 20 में 2025 को होने वाली हड़ताल की तैयारी में जुट जाने की अपील किया।
वहीं चल रहे धरना-प्रदर्शन का क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) श्री हरि ओम गौतम जी द्वारा संज्ञान लेकर 28 अप्रैल 2025 को समस्या का समाधान हेतु दोनों पक्षों को अपने कार्यालय ए- 49, सेक्टर- 62 नोएडा पर बुलाकर वार्ता करवाने का आश्वासन यूनियन को दिया और यूनियन को परामर्श देते हुए अनुरोध किया की संस्थान पर चल रहे धरना प्रदर्शन को स्थगित कर दिया जाए।
सीटू नेता राम सागर ने बताया कि क्षेत्रीय श्रम आयुक्त केंद्रीय द्वारा दिए गए परामर्श और उनके निवेदन को मानते हुए यूनियन ने आज से 28 अप्रैल 2025 तक चल रहे धरने को स्थगित करने का निर्णय लिया है। यदि उक्त तिथि पर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 29 अप्रैल 2025 से कर्मचारी पुनः संस्थान पर धरना प्रदर्शन पर बैठेंगे।








