अभुचक में 17 दिनों से जले ट्रांसफार्मर की समस्या, बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी, ग्रामीणों ने लगाए मुर्दाबाद के नारे
सरैया। सरैया प्रखंड के चकइब्राहिम पंचायत के अभुचक गांव के वार्ड संख्या 7 में पिछले 17 दिनों से बिजली की आपूर्ति ठप है, क्योंकि ट्रांसफार्मर जल चुका है। करीब डेढ़ सौ घरों में अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 3 तारीख को ही हस्ताक्षरयुक्त आवेदन बखरा बिजली कार्यालय में जमा कर दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस क्षेत्र से नगर पंचायत के भी 30 से 40 घर इसी ट्रांसफार्मर से जुड़े हुए हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि स्थानीय विधायक अशोक कुमार सिंह के लेटर पैड पर लिखकर जिला बिजली कार्यालय में भी शिकायत की गई, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। इस लापरवाही से तंग आकर आज ग्रामीणों ने मजबूरन प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
प्रदर्शन में रमोद कुमार, अच्छे लाल राय, दिनेश कुमार, जयराम शाह, शिवनाथ प्रसाद यादव, अशोक राय, गुड्डू कुमार, सुमित सहित सैकड़ों लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द बदलने की मांग की है, ताकि उन्हें अंधेरे से छुटकारा मिल सके।







