लालू यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट
न्यूज़ 15 ब्यूरो
पटना । लैंड फॉर जॉब केस में आज दिल्ली की कोर्ट के सामने सीबीआई ने लालू यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ अपनी चार्जशीट दाखिल कर दी है।
नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने शुक्रवार को रॉउज एवन्यू कोर्ट में अपनी फाइनल चार्जशीट दाखिल की, जिसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और 38 कैंडिडेट्स समेत 78 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
इतना ही नहीं, चार्जशीट में आरोपियों की लिस्ट में कई नाम लालू यादव के परिवार के सदस्यों के भी है। सीबीआई का मुख्य आरोप यह है कि 2004-2009 के कार्यकाल के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री के रूप में लालू प्रसाद यादव को अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर भूमि संपत्ति के हस्तांतरण के रूप में ‘वित्तीय लाभ’ प्राप्त हुआ।
कथित तौर पर लालू यादव समेत आरोपियों पर कैंडिडेट्स से भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों में ग्रुप ‘डी’ पर नियुक्ति के बदले जमीन लेने का आरोप है। इस मामले में अब 6 जुलाई को सुनवाई होगी।
इससे पहले दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 29 मई को अपने एक आदेश में कहा था कि सीबीआई 7 जून तक फाइनल चार्जशीट दाखिल करे। कोर्ट ने सीबीआई पर हर तारीख को चार्जशीट दाखिल करने के लिए समय मांगने पर नाराजगी भी जताई थी।
इसी कारण आज सीबीआई ने लैंड फॉर जॉब मामले में लालू प्रसाद यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ कंक्लूडिंग चार्जशीट दाखिल किया है। सीबीआई ने यह चार्जशीट अतिरिक्त सेशन जज विशाल गोगने की कोर्ट में लालू प्रसाद यादव सहित अन्य के खिलाफ दाखिल किया है।
सीबीआई ने 78 लोगों को आरोपी बनाया है। सीबीआई ने कहा कि 38 कैंडिडेट्स है, इसके अलावा कुछ अधिकारी शामिल है। सीबीआई ने कहा कि मंजूरी का इंतजार है। सीबीआई ने कहा 6 जुलाई तक इस मामले में मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है। कोर्ट चार्जशीट पर 6 जुलाई को सुनवाई करेगा।







