ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) से नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में आए सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने अन्य NCPI सांसदों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने दावा किया कि दुर्गा पूजा से पहले 17 NCPI सांसद बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। हालांकि उन्होंने आगे कहा कि इसमें तीन अल्पसंख्यक सांसद शामिल नहीं हैं। NCPI सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने कहा कि सांसद अबू ताहिर और खलीलुर रहमान को अलग-अलग विभाग दिए जाएंगे और वे NDA का समर्थन भी करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि उनके चुनाव क्षेत्र में ज्यादातर अल्पसंख्यक इलाके शामिल हैं। इसलिए वे सीधे तौर पर BJP में नहीं जा सकते. इससे उन्हें कई दिक्कतें हो सकती है।
सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया का बयान
NCPI सांसद बसुनिया ने दावा किया है कि बीजेपी ने ही हमें NCP में शामिल कराया था, लेकिन हम सब बीजेपी में शामिल होना चाहते थे। ममता की पार्टी छोड़कर NCPI में आए सांसद जगदीश बर्मा बसुनिया ने कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो हममें से 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया रविवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने घर लोटे. उनके लौटने की खबर फैलते ही सिताई में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इसके बाद सिताई बस स्टैंड इलाके स्थित टीएमसी दफ्तर में कथित तौर पर तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई. स्थानीय लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने सांसद के घर के सामने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
बसुनिया पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप
प्रदर्शनकारियों ने सांसद पर पिछले 15 सालों के दौरान राजनीतिक प्रभाव का कथित दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है और साथ ही राइस मिल समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े करने के भी आरोप लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने उनके टीएमसी से NCPI में जाने को लेकर भी निशाना साथा .
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया पहले फॉरवर्ड ब्लॉक में थे फिर तृणमूल कांग्रेस में आए और अब बीजेपी में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें या उनके समर्थकों को बीजेपी में स्वीकार नहीं किया जाएगा. इस घटना के बाद सिताई का राजनीतिक माहौल काफी गरमाता दिख रहा है।








