Site icon Thenews15.in

*पश्चिम बर्धमान में 12 दुर्गा पूजा समितियों को विश्व बांग्ला शारद सम्मान 2024 से किया गया सम्मानित*

आसनसोल: पश्चिम बर्धमान जिले की 12 दुर्गा पूजा समितियों को इस वर्ष “विश्व बांग्ला शारद सम्मान 2024” से सम्मानित किया गया। बुधवार शाम को आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) के सभागार में एक समारोह के दौरान इन पुरस्कारों का वितरण किया गया।
जिले के दो प्रमुख क्षेत्रों,आसनसोल और दुर्गापुर की समितियों को इस सम्मान से नवाजा गया। पश्चिम बर्धमान के जिला शासक एस. पोन्नंबलम,आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (मुख्यालय) अरविंद आनंद,अतिरिक्त जिलाधिकारी संजय पाल और आसनसोल के एसडीओ (सदर) विश्वजीत भट्टाचार्य ने पुरस्कार प्रदान किए।
इस दौरान जिला शासक ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राज्य सरकार के आईएनसीए (INCA) विभाग द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। चार प्रमुख श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए: सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा,सर्वश्रेष्ठ पंडाल,सर्वश्रेष्ठ पूजा, और सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए सर्वश्रेष्ठ पहल।
सर्वश्रेष्ठ पूजा के पुरस्कार से दुर्गापुर की चतुरंग पूजा समिति,आसनसोल की अपकार गार्डन दुर्गा पूजा समिति और राधानगर रोड एथलेटिक क्लब को सम्मानित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा के लिए दुर्गापुर की लीडिंग कल्चरल काउंसिल,आसनसोल की कल्याणपुर आदी दुर्गा पूजा समिति और दुर्गापुर की नबारुण दुर्गा पूजा समिति को चुना गया।
सर्वश्रेष्ठ पंडाल की श्रेणी में दुर्गापुर की मार्कोनी दक्षिणपल्ली दुर्गा पूजा समिति,चित्तरंजन की 6 सर्वजनिन दुर्गा पूजा समितियों और दुर्गापुर के बुद्ध विहार सर्वजनिन दुर्गोत्सव समिति को पुरस्कृत किया गया।
सर्वश्रेष्ठ सामाजिक जागरूकता पहल के लिए ग़ोपालपुर यूनाइटेड क्लब,रानीगंज राजबाड़ी मोड़ उदय संघ सर्वजनिन दुर्गोत्सव और डुमुरतला सर्वजनिन दुर्गा पूजा समिति को सम्मानित किया गया।

Exit mobile version