नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने इसी साल (2026) अप्रैल के महीने में सीएम का पद छोड़ा था। वे राज्यसभा के सदस्य हो चुके हैं। अब बिहार से सीएम की कुर्सी छोड़ने के बाद 21 जून को पार्टी की बड़ी बैठक होने जा रही है। खबर है कि पटना में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। खुला अधिवेशन होगा। इसकी तैयारी पार्टी की ओर से शुरू कर दी गई है। पटना स्थित प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में यह बैठक होनी है। जानकारी के अनुसार, 21 जून को जेडीयू की अलग-अलग संगठनात्मक स्तरों की बैठकें होंगी। बताया जाता है कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर नीतीश कुमार के हुए निर्वाचन पर राष्ट्रीय परिषद की औपचारिक मुहर लगेगी। साथ ही बैठक में संगठन और भावी रणनीति पर चर्चा होगी।
कब से कब तक होगी बैठक?
21 जून को होने वाले इस कार्यक्रम में जेडीयू के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारी, राष्ट्रीय परिषद एवं राज्य परिषद के सदस्य शामिल होंगे। बैठक में संगठन की भावी रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही सात निश्चय-3 के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने, विकसित बिहार के निर्माण और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी।








